नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड (एनएसडीएल) ने अपने पहले इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (आईपीओ) के लिए प्राइस बैंड ₹760 से ₹800 प्रति शेयर तय किया है। यह इश्यू पूरी तरह से ऑफ़र फॉर सेल (ओएफएस) के ज़रिए होगा, जिससे कंपनी लगभग ₹4,011 करोड़ जुटाने की योजना बना रही है। पीटीआई की खबर के मुताबिक, यह आईपीओ 30 जुलाई को बोली के लिए खुलेगा। एंकर इन्वेस्टर्स (बड़े निवेशक) 29 जुलाई को बोली लगा सकेंगे। यह आईपीओ 1 अगस्त को बंद हो जाएगा। एनएसडीएल के शेयर की लिस्टिंग संभवत: 6 अगस्त को होगी।
कुल 5.01 करोड़ शेयरों की बिक्री होगी
खबर के मुताबिक, यह पूरा इश्यू सिर्फ ओपन फॉर सेल (ओेएफएस) का है, यानी NSDL को इससे सीधे कोई फंड नहीं मिलेगा। इसके तहत कुल 5.01 करोड़ शेयरों की बिक्री की जाएगी। शेयर बेचने वाले संस्थानों में एनएसई, एसबीआई, एचडीएफसी बैंक, आईडीबीआई बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और एसयूयूटीआई (यूनिट ट्रस्ट ऑफ इंडिया) शामिल हैं। ऊपरी प्राइस बैंड के अनुसार कंपनी का कुल मूल्यांकन ₹16,000 करोड़ बैठता है।
दूसरी लिस्टेड डिपॉजिटरी कंपनी बन जाएगी एनएसडीएल
एनएसडीएल की लिस्टिंग होने के बाद यह दूसरी लिस्टेड डिपॉजिटरी कंपनी बन जाएगी। आपको बता दें, इससे पहले CDSL थी, जिसकी लिस्टिंग 2017 में हुई थी। सेबी के रेगुलेशन के तहत हिस्सेदारी में कटौती जरूरी है। सेबी के नियमों के अनुसार, किसी भी संस्था को किसी डिपॉजिटरी कंपनी में 15% से अधिक हिस्सेदारी रखने की अनुमति नहीं है। IDBI Bank के पास वर्तमान में 26.10%, NSE के पास 24% हिस्सेदारी है, जिसे इस इश्यू के जरिए घटाया जाएगा।
कंपनी को जान लीजिए
नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड एक सेबी-रजिस्टर्ड मार्केट इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी है। भारत में डिपॉजिटरी सिस्टम की शुरुआत (नवंबर 1996) करने वाली यह पहली संस्था थी। वित्त वर्ष 2024-25 में एनएसडीएल का नेट प्रॉफिट ₹343 करोड़ (24.57% की वृद्धि) दर्ज किया गया था। इस अवधि में कंपनी की कुल आय ₹1,535 करोड़ (12.41% की वृद्धि) रही।
निवेशकों के लिए ये जानना जरूरी
इस आईपीओ में शेयर को तय कैटेगरी के साथ रिजर्व रखा गया है। इसमें 50% हिस्सा क्यूआईबी (योग्य संस्थागत खरीदार) के लिए आरक्षित रखे गए हैं। इसके अलावा, 35% रिटेल निवेशकों के लिए और 15% एनआईआई (गैर-संस्थागत निवेशक) के लिए रिजर्व रखे गए हैं। बता दें, आईपीओ में 1 लॉट में 18 शेयर हैं। निवेशकों को कम से कम ₹14,400 निवेश करने होंगे। निवेश 18 के मल्टीपल में किया जा सकता है।
कौन हैं बुक रनिंग लीड मैनेजर्स
खबर के मुताबिक, नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड नें आईपीओ के लिए आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज, एक्सिस कैपिटल, एचएसबीसी सिक्योरिटीज एंड कैपिटल मार्केट्स (इंडिया), आईडीबीआई कैपिटल मार्केट्स एंड सिक्योरिटीज, मोतीलाल ओसवाल इन्वेस्टमेंट एडवाइजर्स और एसबीआई कैपिटल मार्केट्स बुक रनिंग लीड मैनेजर्स नियुक्त किया है।
कितना चल रहा जीएमपी
नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड (एनएसडीएल) के शेयर अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम से पहले 18.13% या 145-155 रुपये के मजबूत ग्रे मार्केट प्रीमियम (जीएमपी) पर कारोबार कर रहे हैं।






































