सेंसेक्स की टॉप 10 में से 6 कंपनियों के स्टॉक्स ने पिछले हफ्ते निवेशकों के 3,00,706 करोड़ रुपये डुबो दिए। जी हां, शुक्रवार को खत्म हुए हफ्ते में सेंसेक्स की 6 कंपनियों के मार्केट कैप में 3 लाख करोड़ रुपये से भी ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। जबकि, बाकी की 4 कंपनियों के मार्केट कैप में 1,68,831.67 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी देखी गई। बताते चलें कि पिछले हफ्ते बीएसई का बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 953.64 अंक (1.14 प्रतिशत) की बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ था। जहां एक तरफ, टीसीएस के मार्केट कैप में सबसे ज्यादा गिरावट आई तो वहीं दूसरी ओर, भारतीय स्टेट बैंक के मार्केट कैप में जबरदस्त तेजी देखने को मिली।
किन कंपनियों के मार्केट कैप में दर्ज की गई तेजी
पिछले हफ्ते टीसीएस के अलावा, इंन्फोसिस, एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारतीय जीवन बीमा निगम और भारती एयरटेल के मार्केट कैप में गिरावट आई। वहीं दूसरी ओर, भारतीय स्टेट बैंक के अलावा, बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो और आईसीआईसीआई बैंक के मार्केट कैप में तेजी दर्ज की गई।
टीसीएस के मार्केट कैप में 90,198.92 करोड़ रुपये की गिरावट
इस दौरान, टाटा ग्रुप की कंपनी टीसीएस के मार्केट कैप में सबसे ज्यादा 90,198.92 करोड़ रुपये की गिरावट आई और ये घटकर 9,74,043.43 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इन्फोसिस का मार्केट कैप 70,780.23 करोड़ रुपये के नुकसान के साथ 5,55,287.72 करोड़ रुपये हो रहा। एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 54,627.71 करोड़ रुपये घटकर 13,93,621.92 करोड़ रुपये हो गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज की वैल्यूएशन 41,883 करोड़ रुपये गिरकर 19,21,475.79 करोड़ रुपये हो गई। एलआईसी की वैल्यूएशन 23,971.74 करोड़ रुपये घटकर 5,46,226.80 करोड़ रुपये और भारती एयरटेल की वैल्यूएशन 19,244.61 करोड़ रुपये घटकर 11,43,044.03 करोड़ रुपये हो गई।
एसबीआई के मार्केट कैप में 1,22,213.38 करोड़ रुपये की बंपर बढ़त
वहीं दूसरी ओर, भारतीय स्टेट बैंक का मार्केट कैप 1,22,213.38 करोड़ रुपये की बंपर तेजी के साथ 11,06,566.44 करोड़ रुपये हो गया। बजाज फाइनेंस की वैल्यूएशन 26,414.44 करोड़ रुपये बढ़कर 6,37,244.64 करोड़ रुपये हो गई। लार्सन एंड टुब्रो का मार्केट कैप 14,483.9 करोड़ रुपये बढ़कर 5,74,028.93 करोड़ रुपये हो गया और आईसीआईसीआई बैंक का मार्केट कैप 5719.95 करोड़ रुपये बढ़कर 10,11,978.77 करोड़ रुपये हो गया।



































