1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. हफ्ते के पहले दिन सस्ता हुआ सोना, चांदी की कीमतों में 50 रुपए की उछाल

हफ्ते के पहले दिन सस्ता हुआ सोना, चांदी की कीमतों में 50 रुपए की उछाल

 Written By: Dharmender Chaudhary
 Published : Apr 10, 2017 04:04 pm IST,  Updated : Apr 10, 2017 04:04 pm IST

दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 10 रुपए टूटकर 29,290 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। हालांकि, चांदी में 50 रुपए की रिकवरी देखने को मिली।

हफ्ते के पहले दिन सस्ता हुआ सोना, चांदी की कीमतों में 50 रुपए की उछाल- India TV Hindi
हफ्ते के पहले दिन सस्ता हुआ सोना, चांदी की कीमतों में 50 रुपए की उछाल

नई दिल्ली। सोने की कीमतों पर कमजोर ग्लोबल संकेत का असर नजर आया। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 10 रुपए टूटकर 29,290 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। हालांकि, इंडस्ट्रीयल मांग बढ़ने के कारण चांदी 50 रुपए की रिकवरी के साथ 41,800 रुपए प्रति किलो पर कारोबार करती नजर आई।   

सर्राफा कारोबारियों ने कहा कि घरेलू स्तर पर ज्वैलर्स की कमजोर खरीदारी के कारण सोने की कीमतों पर दबाव नजर आया। हालांकि अमेरिका और रूश के बीच बढ़ते तनाव से सोने में बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है। सिंगापुर में सोना 0.10 फीसदी की गिरावट के साथ 1252.60 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है। वहीं चांदी 0.28 फीसदी टूटकर 17.91 डॉलर प्रति औंस पर आ गई है।

दिल्ली में 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमतों में 10 रुपए की उछाल गिरावट दर्ज की गई। कमजोरी के बाद सोने का भाव क्रमश: 29,290 और 29,140 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुए। वहीं गिन्नी बिना किसी बदलाव के 24,400 रुपए प्रति 8 ग्राम पर कारोबार करता नजर आया।

दिल्ली में चांदी तैयार की कीमत 50 रुपए की तेजी के साथ 41,800 रुपए प्रति किग्रा पर बंद हुई। हालांकि, चांदी साप्ताहिक डिलीवरी की कीमत 10 रुपए की गिरावट के साथ 41,370 रुपए प्रति किग्रा पर बंद हुई। चांदी सिक्कों के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ और लिवाल 71,000 रुपए और बिकवाल 72,000 रुपए प्रति सैंकड़ा पर बंद हुए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा