1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. सस्ता हुआ सोना और चांदी, जानिए आज क्या रहीं कीमतें

सस्ता हुआ सोना और चांदी, जानिए आज क्या रहीं कीमतें

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Sep 16, 2020 06:19 pm IST,  Updated : Sep 16, 2020 06:19 pm IST

सोने का भाव 137 रुपये घटकर 53,030 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। मंगलवार को यह 53,167 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं चांदी भी 517 रुपये घटकर 70,553 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गयी।

gold and silver price today- India TV Hindi
gold and silver price today Image Source : PTI

नई दिल्ली। बुधवार को हाजिर बाजार में सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों तेज उछाल देखने को मिला था। मंगलवार के उछाल की वजह से आज की गिरावट के बावजूद सोना 53 हजार रुपये और चांदी 70 हजार रुपये के अहम स्तर से ऊपर ही बनी हुई है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक दिल्ली सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने का भाव 137 रुपये घटकर 53,030 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। मंगलवार को यह 53,167 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज) तपन पटेल ने कहा, ‘‘दिल्ली में 24 कैरेट के सोने की कीमत में 137 रुपये की गिरावट दर्ज की गयी।’’ विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपये की मजबूती से सोने में गिरावट का रुख रहा। बुधवार को डालर के मुकाबले रुपया 12 पैसे मजबूत होकर 73.52 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंच गया।

वहीं चांदी भी 517 रुपये घटकर 70,553 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गयी। मंगलवार को चांदी की कीमत 71,070 रुपये प्रति किलोग्राम रही थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में हालांकि, सोना बढ़त के साथ 1,967.7 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। चांदी 27.40 डॉलर प्रति औंस पर चल रही थी।

हालांकि दूसरी तरफ वायदा कारोबार में सोने और चांदी की कीमतों में बढ़त का रुख रहा। विदेशी बाजारों से मिले संकेतों की मदद से बुधवार को वायदा कारोबार में सोने और चांदी की कीमतों में तेजी देखने को मिली है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अक्टूबर डिलिवरी का सोना 153 रुपये या 0.30 प्रतिशत बढ़कर 51,922 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। इसमें 10,814 लॉट के लिये कारोबार हुआ। वहीं मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में दिसंबर में आपूर्ति वाली चांदी का सौदा 33 रुपये यानी 0.05 प्रतिशत बढ़कर 69,000 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर रहा। इसमें 17,130 लॉट के लिये कारोबार हुआ।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा