1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. उत्‍तर कोरिया की मिसाइल लॉन्चिंग ने सोने में मचाई खलबली, 550 रुपए बढ़कर हुआ 30,450 रुपए प्रति दस ग्राम

उत्‍तर कोरिया की मिसाइल लॉन्चिंग ने सोने में मचाई खलबली, 550 रुपए बढ़कर हुआ 30,450 रुपए प्रति दस ग्राम

 Written By: Abhishek Shrivastava
 Published : Aug 29, 2017 03:17 pm IST,  Updated : Aug 29, 2017 03:17 pm IST

उत्‍तर कोरिया के इस कदम से अमेरिका और प्‍योंगयांग के बीच तनाव और गहरा होने से आज सोने की कीमत 550 रुपए उछलकर 30,450 रुपए प्रति दस ग्राम हो गई।

उत्‍तर कोरिया की मिसाइल लॉन्चिंग ने सोने में मचाई खलबली, 550 रुपए बढ़कर हुआ 30,450 रुपए प्रति दस ग्राम- India TV Hindi
उत्‍तर कोरिया की मिसाइल लॉन्चिंग ने सोने में मचाई खलबली, 550 रुपए बढ़कर हुआ 30,450 रुपए प्रति दस ग्राम

नई दिल्‍ली। उत्‍तर कोरिया द्वारा मंगलवार को जापान के ऊपर से एक मिसाइल लॉन्‍च करने के तुरंत बाद सर्राफा बाजार में खलबली मच गई। उत्‍तर कोरिया के इस कदम से अमेरिका और प्‍योंगयांग के बीच तनाव और गहरा होने से आज सोने की कीमत 550 रुपए उछलकर 30,450 रुपए प्रति दस ग्राम हो गई। वहीं दूसरी ओर औद्योगिक इकाइयों और सिक्‍का निर्माताओं की मांग बढ़ने से चांदी भी 900 रुपए उछलकर एक बार फि‍र से 41,100 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई।

सर्राफा कारोबारियों का कहना है कि उत्‍तर कोरिया द्वारा जापान के ऊपर से मिसाइल दागने के बाद अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में सोना आज इस साल के सबसे उच्‍च स्‍तर पर पहुंच गया। अमेरिका और उत्‍तर कोरिया के बीच तनाव बढ़ने से निवेशकों के बीच सुरक्षित निवेश के लिए सोने की मांग अचानक बढ़ गई। इस वजह से सोने की में अचानक इतनी अधिक तेजी आई है। स्‍थानीय ज्‍वैलर्स की ताजा खरीदारी से भी सोने की कीमतों को बल मिला है।

वैश्विक स्‍तर पर सिंगापुर में सोना 0.90 प्रतिशत उछलकर 1322.41 डॉलर प्रति औंस हो गया, जो पिछले साल 9 नवंबर के बाद का सबसे ऊंचा इंट्रा डे स्‍तर है। चांदी भी 0.66 प्रतिशत की तेजी के साथ 17.54 डॉलर प्रति औंस हो गई। राष्‍ट्रीय राजधानी में 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 550-550 रुपए बढ़कर क्रमश: 30,450 रुपए और 30,300 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया। सोमवार के कारोबार में सोने की कीमतों में 50 रुपए की गिरावट आई थी। गिन्‍नी का भाव भी 100 रुपए की तेजी के साथ 24,600 रुपए प्रति आठ ग्राम हो गया।

सोने की तरह ही चांदी तैयार का भाव 900 रुपए बढ़कर 41,100 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया। साप्‍ताहिक आधार पर डिलीवरी का भाव 675 रुपए की तेजी के साथ 39,900 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया। चांदी सिक्‍कों का भाव भी 1000 रुपए बढ़कर लिवाल 74,000 और बिकवाल 75,000 रुपए प्रति सैकड़ा हो गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा