1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. 31,000 से नीचे आया सोना, वैश्विक कारणों की वजह से 150 रुपए की आई गिरावट

31,000 से नीचे आया सोना, वैश्विक कारणों की वजह से 150 रुपए की आई गिरावट

 Written By: Abhishek Shrivastava
 Published : Sep 12, 2017 04:58 pm IST,  Updated : Sep 12, 2017 04:58 pm IST

शेयर बाजारों में तेजी आने और डॉलर के मजबूत होने से वैश्विक मांग के कमजोर पड़ने से आज सर्राफा बाजार में सोना 150 रुपए टूटकर 31,000 के स्‍तर से नीचे आ गया।

31,000 से नीचे आया सोना, वैश्विक कारणों की वजह से 150 रुपए की आई गिरावट- India TV Hindi
31,000 से नीचे आया सोना, वैश्विक कारणों की वजह से 150 रुपए की आई गिरावट

नई दिल्‍ली। शेयर बाजारों में तेजी आने और डॉलर के मजबूत होने से वैश्विक मांग के कमजोर पड़ने से आज सर्राफा बाजार में सोना 150 रुपए टूटकर 31,000 के स्‍तर से नीचे आ गया। आज सोने की कीमत 30,850 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई। स्‍थानीय ज्‍वैलर्स के साथ ही साथ रिटेलर्स की कमजोर मांग से भी सोने पर दबाव बना।

नॉर्थ कोरिया के साथ तनाव कम होने और अमेरिका के फ्लोरिडा तट से इरमा तूफान के टकराने के बाद भय कम होने से सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोना, जापानी येन, स्विस फ्रेंक और ट्रेजरी की चमक फीकी पड़ गई है। चांदी की कीमतें भी आज 50 रुपए घटकर 41,650 रुपए प्रति किलोग्राम रह गईं। इंडस्ट्रियल यूनिट और सिक्‍का निर्माताओं की खरीद घटने से चांदी की कीमतों पर यह असर हुआ है।

कारोबारियों का कहना है कि कमजोर वैश्विक रुख, चालू श्राद्ध पक्ष के कारण स्‍थानीय ज्‍वैलर्स व रिटेलर्स की मांग में गिरावट आने से सोने की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर पर सिंगापुर में सोना 0.08 प्रतिशत घ्‍ज्ञटकर 1325.90 डॉलर प्रति औंस रह गया। चांदी भी 0.31 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17.70 डॉलर प्रति औंस रह गई।

राष्‍ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमतें 150-150 रुपए घटकर क्रमश: 30,850 रुपए और 30,700 रुपए प्रति दस ग्राम रह गईं। कल के कारोबार में सोना 470 रुपए प्रति दस ग्राम बढ़ा था। हालांकि, गिन्‍नी का भाव 24,700 रुपए प्रति आठ ग्राम पर स्थिर रहा।

सोने की तरह ही चांदी तैयार का भाव आज 50 रुपए घटकर 41,650 रुपए प्रति किलोग्राम रह गया। साप्‍ताहिक आधार पर डिलीवरी का भाव 10 रुपए घटकर 41,030 रुपए प्रति किलोग्राम रह गया। हालांकि चांदी सिक्‍कों की कीमत 74,000 रुपए खरीद और 75,000 रुपए बिक्री प्रति सैकड़ा पर स्थिर रही।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा