1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. डिमांड बढ़ने से सोने की लौटी चमक, चांदी की कीमतों में मामूली उछाल

डिमांड बढ़ने से सोने की लौटी चमक, चांदी की कीमतों में मामूली उछाल

 Written By: Dharmender Chaudhary
 Published : Apr 11, 2017 02:38 pm IST,  Updated : Apr 11, 2017 02:38 pm IST

सकारात्मक वैश्विक संकेत और शादी का सीजन शुरू होने से घरेलू स्तर पर ज्वैलर्स की बढ़ी मांग के कारण सोने की कीमतों में तेजी देखने को मिली।

डिमांड बढ़ने से सोने की लौटी चमक, चांदी की कीमतों में मामूली उछाल- India TV Hindi
डिमांड बढ़ने से सोने की लौटी चमक, चांदी की कीमतों में मामूली उछाल

नई दिल्ली। सकारात्मक वैश्विक संकेत और शादी का सीजन शुरू होने से घरेलू स्तर पर ज्वैलर्स की बढ़ी मांग के कारण सोने की कीमतों में तेजी देखने को मिली। दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 60 रुपए चढ़कर 29,350 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। वहीं चांदी 25 रुपए की मामूली उछाल के साथ 41,825 रुपए प्रति किलो पर कारोबार करती नजर आई।

सर्राफा कारोबारियो ने कहा कि मध्य-पूर्व और कोरियाई प्रायद्वीप में तनाव के कारण सुरक्षित निवेश के लिए सोने की मांग बढ़ी है। इसके अलावा वेडिंग सीजन शुरू होने से घरेलू स्तर पर ज्वैलर्स खरीदारी कर रहे हैं। इसके कारण सोने की कीमतों को सहारा मिल रहा है। सिंगापुर में सोना 0.25 फीसदी की तेजी के साथ 1257.50 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है। वहीं चांदी 0.08 फीसदी की मजबूती के साथ 17.94 डॉलर प्रति औंस पहुंच हो गई है।

दिल्ली में 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमतों में 60  रुपए की उछाल दर्ज की गई। तेजी के बाद सोने का भाव क्रमश: 29,350 और 29,200 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुए। इससे पहले सोमवार को सोने में 10 रुपए की गिरावट दर्ज की गई थी। वहीं गिन्नी बिना किसी बदलाव के 24,400 रुपए प्रति 8 ग्राम पर कारोबार करता नजर आया।

दिल्ली में चांदी तैयार की कीमत 25 रुपए की तेजी के साथ 41,825 रुपए प्रति किग्रा पर बंद हुई। चांदी साप्ताहिक डिलीवरी की कीमत 25 रुपए की मजबूती के साथ 41,395 रुपए प्रति किग्रा पर बंद हुई। चांदी सिक्कों के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ और लिवाल 71,000 रुपए और बिकवाल 72,000 रुपए प्रति सैंकड़ा पर बंद हुए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा