1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार में बढ़त, सेंसेक्स 350 और निफ्टी 93 अंक बढ़कर बंद

शेयर बाजार में बढ़त, सेंसेक्स 350 और निफ्टी 93 अंक बढ़कर बंद

 Written By: India TV Paisa Desk
 Published : Feb 12, 2020 04:15 pm IST,  Updated : Feb 12, 2020 04:16 pm IST

बुधवार के कारोबार में शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ है

Stock Market- India TV Hindi
Stock Market

बुधवार के कारोबार में शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ है। सेंसेक्स 350 अंक की बढ़त के साथ 41566 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 93 अंक की बढ़त के बाद 12201 पर बंद हुआ है। बाजार में ये तेजी बेहतर विदेशी संकेतों के बाद दर्ज हुई है।   

आज के कारोबार में सबसे ज्यादा बढ़त एफएमसीजी सेक्टर में देखने को मिली है। सेक्टर इंडेक्स करीब 2 फीसदी बढ़कर बंद हुआ है। वहीं बैंकिंग, आईटी और मेटल सेक्टर इंडेक्स में आधा फीसदी से ज्यादा की बढ़त देखने को मिली है। आज के कारोबार में सबसे ज्यादा गिरावट सरकारी बैंकों में देखने को मिली है। इंडेक्स करीब 2 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ है। सरकारी बैंकों में गिरावट के बावजूद आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक में तेजी से पूरा बैकिंग सेक्टर इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुआ है। 

बाजार में आज की बढ़त के लिए विदेशी बाजारों से मिले संकेत अहम रहें हैं। एशिया में चीन के अलावा सारे प्रमुख बाजारों में बढ़त का रुख रहा है। चीन के बाजार में भी सीमित गिरावट देखने को मिली है। दरअसल चीन के अधिकारियों के मुताबिक देश के कई हिस्सों में वायरस के नए मामलों में गिरावट देखने को मिल रही है, और अनुमान है कि कोरोना वायरस का असर जल्द घटना शुरू हो जाएगा। चीन से मिले ताजा संकेतों के बाद निवेशकों ने राहत की सांस ली है। चीन में वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में हर दिन आने वाले नए मामलों की संख्या 31 जनवरी के बाद से सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है। इसके अलावा कच्चे तेल में स्थिरता से भी कारोबारी एक्टिविटी बढ़ने का अनुमान है, इससे भी निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। 

बुधवार के कारोबार में 100 से ज्यादा स्टॉक साल के नए उच्चतम स्तर पर पहुंचे। वहीं आज के कारोबार में करीब 140 स्टॉक ने साल का नया निचला स्तर छुआ है।   

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा