1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों के समर्थन से शेयरों में लगातार चौथे दिन तेजी, सेंसेक्स 90 अंक चढ़ा

विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों के समर्थन से शेयरों में लगातार चौथे दिन तेजी, सेंसेक्स 90 अंक चढ़ा

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Mar 07, 2019 07:02 pm IST,  Updated : Mar 07, 2019 07:02 pm IST

सेंसेक्स सुबह 36,744.02 पर तेजी से साथ खुलने के बाद 36,830.25 और 36,590.88 अंक के दायरे में घट बढ़ के बाद अंत में 89.32 अंक या 0.24 प्रतिशत के लाभ के साथ 36,725.42 पर बंद हुआ।

BSE Sensex- India TV Hindi
BSE Sensex Image Source : PTI

मुंबई। रुपए की विनिमय दर में मजबूती और विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की लिवाली के समर्थन के बीच स्थानीय शेयर बाजारों में तेजी का सिलसिला गुरुवार को चौथे दिन भी जारी रहा। बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स करीब 90 अंक और नेशनल स्‍टॉक एक्सचेंज का निफ्टी पांच अंक लाभ के साथ बंद हुआ।

 सेंसेक्स सुबह 36,744.02 पर तेजी से साथ खुलने के बाद 36,830.25 और 36,590.88 अंक के दायरे में घट बढ़ के बाद अंत में 89.32 अंक या 0.24 प्रतिशत के लाभ के साथ 36,725.42 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 11,077.95 अंक पर खुल कर एक समय 11,089.05 तक पहुंच गया था। उसके बाद बिकवाली के दबाव में यह नीचे 11,027.10 तक चला गया था। अंत में निफ्टी पिछले बंद की तुलना में 5.02 अंक या 0.05% सुधार के साथ 11,058.20 अंक पर बंद हुआ। 

विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने बुधवार को घरेलू बाजार में 1,130.78 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश किया था, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशक 878.45 करोड़ रुपए के शुद्ध बिकवाल थे। रुपए की मजबूती और विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की ओर से निवेश का प्रवाह बने रहने से उतार चढ़ाव भरे कारोबार के बीच बाजार में धारणा मजबूत बनी रही। 

सेंसेक्स के शेयरों में एलएंडटी में 2.76 प्रतिशत का सबसे ज्यादा लाभ दर्ज किया गया। कंपनी को घरेलू बाजार में बड़ा ठेका मिलने के समाचार से इसके शेयरों में तेजी रही। महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक, आईटीसी, एसबीआई, एचडीएफसी,पावर ग्रिड, टाटा मोटर्स, टीसीएस, टाटा स्टील और रिलांयस इंडस्ट्रीज के शेयरों में भी लाभ हुआ। इनमें लाभ 1.77 प्रतिशत तक रहा। इसके विपरीत कोल इंडिया, सन फार्मा, एनटीपीसी, ओएनजीसी और येस बैंक के शेयरों में 3.09 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। 

प्रमुख एशियायी बाजारों में नरमी थी। इन बाजारों पर अमेरिकी वॉल स्ट्रीट के शेयरों की गिरावट का असर था और वैश्विक बाजारों में निवेशक चीन-अमेरिका व्यापार वार्ता पर निगाह रखे हुए थे। दोपहर बाद खुले यूरोपीय बाजारों में गिरावट का रुझान था। फ्रैंकफर्ट का डीएएक्स 0.49 प्रतिशत, पेरिस का सीएसी40 करीब 0.39 प्रतिशत और लंदन का एफटीएसई 0.41 प्रतिशत नीचे चल रहा था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा