1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शुक्रवार को सेंसेक्स 281 अंक चढ़ा, निफ्टी निकला 11,000 अंक के ऊपर

शुक्रवार को सेंसेक्स 281 अंक चढ़ा, निफ्टी निकला 11,000 अंक के ऊपर

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Sep 13, 2019 06:20 pm IST,  Updated : Sep 13, 2019 06:20 pm IST

अगस्त में खुदरा मुद्रास्फीति बढ़ने तथा जुलाई में औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर सुस्त पड़ने से भारतीय रिजर्व बैंक पर नीतिगत ब्याज दर रेपो में कटौती करने का दबाव एक बार फिर बढ़ गया है।

Sensex rallies 281 pts, Nifty closes above 11k-mark- India TV Hindi
Sensex rallies 281 pts, Nifty closes above 11k-mark Image Source : SENSEX RALLIES 281 PTS, N

मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक के नीतिगत दर में कटौती करने की उम्मीदों के बीच वित्तीय एवं आईटी कंपनियों के शेयरों में तेजी से सेंसेक्स शुक्रवार को 281 अंक के लाभ के साथ बंद हुआ। बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 413 अंक के उतार-चढ़ाव के बाद 280.71 अंक यानी 0.76 प्रतिशत बढ़कर 37,384.99 अंक पर बंद हुआ। दिन में कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 37,413.50 अंक और नीचे में 37,000.09 अंक तक गया।

इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 93.10 अंक यानी 0.85 प्रतिशत की बढ़त के साथ 11,075.90 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 शेयरों में वेदांता, आईसीआईसीआई बैंक, ओएनजीसी, कोटक बैंक, एक्सिस बैंक, एसबीआई, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंफोसिस, पावरग्रिड, एचसीएल टेक, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस और रिलायंस इंडस्ट्रीज में सबसे ज्यादा तेजी रही। इन कंपनियों के शेयर 2.72 प्रतिशत तक चढ़ गए।

दूसरी ओर सनफार्मा, भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, येस बैंक, आईटीसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयरों में 1.41 प्रतिशत तक की गिरावट आई। कारोबारियों ने कहा कि रिजर्व बैंक अगले महीने होने वाली मौद्रिक नीति समिति की बैठक में नीतिगत दर में कटौती कर सकता है। इसी उम्मीद में घरेलू शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली।

अगस्त में खुदरा मुद्रास्फीति बढ़ने तथा जुलाई में औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर सुस्त पड़ने से भारतीय रिजर्व बैंक पर नीतिगत ब्याज दर रेपो में कटौती करने का दबाव एक बार फिर बढ़ गया है। अमेरिका और चीन के बीच व्यापार युद्ध ठंडा पड़ने के संकेतों के बीच हांगकांग और जापान के शेयर बाजारों में अच्छी खासी बढ़त देखी गई। यूरोप में भी शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में सकारात्मक रुख देखा गया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा