1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. 9 दिनों की गिरावट से उबरा शेयर बाजार, सेंसेक्स में आया 404 अंकों का उछाल

9 दिनों की गिरावट से उबरा शेयर बाजार, सेंसेक्स में आया 404 अंकों का उछाल

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Feb 20, 2019 07:42 pm IST,  Updated : Feb 20, 2019 07:42 pm IST

सैंक्टम वेल्थ मैनेजमेंट के मुख्य निवेश अधिकारी सुनील शर्मा ने कहा कि बाजार आशंकाओं से लगातार लड़ रहा है और पिछड़ने के लिए तैयार नहीं है।

stock broker- India TV Hindi
stock broker Image Source : STOCK BROKER

मुंबई। सकारात्मक वैश्विक संकेतों के बीच धातु, आईटी एवं बैंकिंग शेयरों में लिवाली निकलने से सेंसेक्स पिछले नौ दिनों की गिरावट से उबरने में सफल रहा और बुधवार को 404 अंक उछल गया। निफ्टी भी फिर से 10,700 अंक के स्तर को पाने में कामयाब हुआ। 

बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 403.65 अंक यानी 1.14 प्रतिशत मजबूत होकर 35,756.26 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 131.10 अंक यानी 1.24 प्रतिशत की बढ़त लेकर 10,735.45 अंक पर पहुंच गया। पिछले नौ दिनों में सेंसेक्स में 1,622.62 अंक की गिरावट रही। पिछले आठ दिनों में निफ्टी भी 465.05 अंक टूटा है। 

सेंसेक्स की कंपनियों में वेदांता सर्वाधिक 4.67 प्रतिशत मजबूत हुआ। अन्य कंपनियों में टाटा स्टील, ओएनजीसी, एनटीपीसी, येस बैंक, इंफोसिस, सन फार्मा, भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 4.13 प्रतिशत तक चढ़ गए। इनसे इतर हीरो मोटोकॉर्प, हिंदुस्तान यूनिलीवर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज ऑटो और इंडसइंड बैंक के शेयर 0.56 प्रतिशत तक गिर गए।  

सैंक्टम वेल्थ मैनेजमेंट के मुख्य निवेश अधिकारी सुनील शर्मा ने कहा कि बाजार आशंकाओं से लगातार लड़ रहा है और पिछड़ने के लिए तैयार नहीं है। भारतीय शेयर बाजार के लिए यह मजबूत दिन रहा और इसमें 1.30 प्रतिशत तक मजबूती आई।

प्राथमिक आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 1,163.85 करोड़ रुपए की शुद्ध लिवाली की। हालांकि, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक 813.76 करोड़ रुपए के शुद्ध बिकवाल रहे। एशियाई बाजारों में हांग कांग का हैंग सेंग 1.01 प्रतिशत, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.09 प्रतिशत, जापान का निक्की 0.60 प्रतिशत और चीन का शंघाई कंपोजिट 0.20 प्रतिशत मजबूत रहा। 

यूरोपीय बाजारों में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का फ्रैंकफर्ट डीएएक्स 0.40 प्रतिशत, फ्रांस का पेरिस सीएसी 40 0.09 प्रतिशत और ब्रिटेन का लंदन एफटीएसई 0.05 प्रतिशत की तेजी में चल रहे थे। इस बीच ब्रेंट क्रूड 0.44 प्रतिशत गिरकर 66.16 डॉलर प्रति बैरल पर तथा रुपया 26 पैसे मजबूत होकर 71.08 रुपए प्रति डॉलर पर चल रहा था। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा