1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. फेडरल रिजर्व के ब्‍याज दर घटाने के संकेत से शेयर बाजारों में आई तेजी, सेंसेक्स 489 अंक उछला

फेडरल रिजर्व के ब्‍याज दर घटाने के संकेत से शेयर बाजारों में आई तेजी, सेंसेक्स 489 अंक उछला

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jun 20, 2019 04:56 pm IST,  Updated : Jun 20, 2019 04:56 pm IST

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स कारोबार के दौरान 700 अंक के दायरे में उतार-चढ़ाव में रहा।

Sensex soars 489 pts - India TV Hindi
Sensex soars 489 pts Image Source : SENSEX SOARS 489 PTS

मुंबई। अमेरिका के फेडरल रिजर्व के निकट भविष्य में ब्याज दर कम करने के संकेत देने के बाद वैश्विक बाजारों में तेजी के संकेत से गुरुवार को बंबई शेयर बाजार का संवेदी सूचकांक भी 489 अंक उछल गया। 

बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स कारोबार के दौरान 700 अंक के दायरे में उतार-चढ़ाव में रहा। कारोबार की समाप्ति पर सेंसेक्स 488.89 अंक यानी 1.25 प्रतिशत मजबूत होकर 39,601.63 अंक पर बंद हुआ। कारेाबार के दौरान एक समय यह 39,638.64 अंक के उच्चतम स्तर पर पहुंचा और 38,933.78 अंक के स्तर तक नीचे भी आया। इसी तरह एनएसई का निफ्टी भी 140.30 अंक यानी 1.20 प्रतिशत की तेजी के साथ 11,831.75 अंक पर बंद हुआ। 

सेंसेक्स की कंपनियों में येस बैंक सर्वाधिक 10.94 प्रतिशत की तेजी में रहा। अन्य कंपनियों में सन फार्मा, इंडसइंड बैंक, एलएंडटी, आईसीआईसीआई बैंक, मारुति सुजुकी, बजाज ऑटो, टाटा मोटर्स और ओएनजीसी के शेयरों में 4.01 प्रतिशत तक की तेजी रही। हालांकि इसके विपरीत हिंदुस्तान यूनिलीवर्स, एचडीएफसी बैंक, आईटीसी और एनटीपीसी के शेयर 0.26 प्रतिशत लुढ़क गए।  

इस बीच जेट एयरवेज का शेयर 93 प्रतिशत उछल गया। पिछले 13 कारोबारी सत्रों में यह करीब 90 प्रतिशत लुढ़का था। विशेषज्ञों के अनुसार, अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत निष्कर्ष के बाद वैश्विक बाजारों की मजबूती से घरेलू निवेशकों को सकारात्मक संकेत मिले। 

फेडरल रिजर्व ने बुधवार को समीक्षा बैठक में ब्याज दर अपरिवर्तित रखी लेकिन उसने संकेत दिए कि आने वाले समय में वह ब्याज दर में कटौती करने में नहीं हिचकिचाएगा। एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कंपोजिट, जापान का निक्की, दक्षिण कोरिया का कोस्पी और हांग कांग का हैंग सेंग तेजी में रहे। शुरुआती सौदों में यूरोपीय बाजार भी तेजी में रहे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा