1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स में 400 अंकों की तेजी, Nifty 11,500 के पार

शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स में 400 अंकों की तेजी, Nifty 11,500 के पार

 Written By: India TV Business Desk
 Published : Sep 26, 2019 10:12 am IST,  Updated : Sep 26, 2019 11:35 am IST

शुरुआती कारोबार में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स लगभग 384.54 अंकों की बढ़त के साथ 39,008.83 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 120.75 अंकों की बढ़त के बाद 11,560.95 के स्तर पर कारोबार करता दिख रहा है।

share market- India TV Hindi
share market

मुंबई। सप्‍ताह के चौथे कारोबारी दिन यानी आज गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार में रौनक देखने को मिल रही है। वैश्विक बाजारों के सकारात्मक संकेतों के बीच बैंकिंग कंपनियों के मजबूत होने से आज गुरुवार को शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 400 अंक से अधिक की तेजी में रहा। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 384.54 अंक यानी एक प्रतिशत की तेजी के साथ 38,978.06 अंक पर चल रहा था। एक समय यह 39,008.83 अंक के स्तर तक भी पहुंचा। इसी तरह एनएसई का निफ्टी भी 120.75 अंक यानी 1.06 प्रतिशत की तेजी के साथ 11,560.95 अंक पर चल रहा था। बता दें कि बीते बुधवार को सेंसेक्स 503.62 अंक और निफ्टी 148 अंक गिरकर बंद हुआ था। 

सेंसेक्स की कंपनियों में आईसीआईसीआई बैंक, इंडसइंड बैंक, कोटक बैंक, एलएंडटी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, ओएनजीसी, टाटा स्टील, मारुति सुजुकी, भारती एयरटेल, टेक महिंद्रा और एशियन पेंट्स के शेयर तीन प्रतिशत तक की तेजी में चल रहे थे। कारोबारियों के अनुसार, घरेलू शेयर बाजारों को वैश्विक बाजारों से बल मिला। 

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के द्वारा चीन के साथ अनुमान से पहले व्यापार सौदा हो जाने की उम्मीद जताने से वैश्विक बाजारों में तेजी रही। एशियाई बाजारों में हांग कांग का हैंग सेंग, जापान का निक्की और दक्षिण कोरिया का कोस्पी तेजी में चल रहा था। हालांकि चीन का शंघाई कंपोजिट गिरावट में चल रहा था। प्राथमिक आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने 342.40 करोड़ रुपए की शुद्ध निकासी की।

बता दें कि बुधवार को शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ था। सेंसेक्स 503.62 अंकों की गिरावट के बाद 38,593.62 के स्तर पर बंद हुआ था। इसी तरह निफ्टी 148 अंकों की गिरावट यानी 1.28 फीसदी के बाद 11,440.20 के स्तर पर बंद हुआ था।

dollar vs rupee
dollar vs rupee

शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपया 14 पैसे मजबूत

अमेरिका और चीन के बीच अनुमान से पहले ही व्यापार सौदा हो जाने की उम्मीद से निवेशकों की धारणा को बल मिला। इस कारण बृहस्पतिवार को शुरुआती कारोबार में रुपया 14 पैसे मजबूत होकर 70.90 रुपए प्रति डॉलर पर पहुंच गया।

कारोबारियों ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद निवेशकों की धारणा को बल मिला। ट्रंप ने कहा कि चीन के साथ अनुमान से पहले ही व्यापार सौदा हो सकता है। बुधवार को रुपया तीन पैसे गिरकर 71.04 रुपए प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

कारोबारियों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजार के तेजी में खुलने से भी रुपए को मजबूती मिली। इसके अलावा अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर की नरमी ने भी रुपये को बल दिया। हालांकि विदेशी निवेशकों की जारी निकासी तथा कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने से रुपये पर दबाव रहा।  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा