1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. ऊपरी स्तरों से 773 अंक लुढ़का सेंसेक्स वहीं निफ्टी 17650 से नीचे हुआ बंद, RIL करीब 2% टूटा

ऊपरी स्तरों से 773 अंक लुढ़का सेंसेक्स वहीं निफ्टी 17650 से नीचे हुआ बंद, RIL करीब 2% टूटा

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Oct 06, 2021 04:03 pm IST,  Updated : Oct 06, 2021 04:03 pm IST

सभी सेक्टर इंडेक्स आज लाल निशान में बंद हुए हैं। सबसे ज्यादा गिरावट मेटल सेक्टर में दर्ज हुई। निफ्टी के 50 शेयरों में से 42 में गिरावट रही, इसमें से भी 5 स्टॉक्स 3 प्रतिशत से ज्यादा टूटे।

शुरुआती बढ़त के बाद...- India TV Hindi
शुरुआती बढ़त के बाद लुढ़का बाजार Image Source : PTI

नई दिल्ली। विदेशी बाजारों से मिले नकारात्मक संकेतों की वजह से शेयर बाजार आज शुरुआती बढ़त के बाद तेज गिरावट के साथ बंद हुए हैं। आज के कारोबार में सेंसेक्स अपने ऊपरी स्तरों से 750 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ बंद हुआ, वहीं कारोबार के अंत में निफ्टी 17650 के स्तर से नीचे फिसल गया। बुधवार को सेंसेक्स 555 अंक की गिरावट के साथ 59190 के स्तर पर और निफ्टी 176 अंक की गिरावट के साथ 17646 के स्तर पर बंद हुआ। 

क्यों आई बाजार में गिरावट

कच्चे तेल की कीमतों में बढ़त से महंगाई दर पर दबाव बढ़ने की आशंका के बाद यूरोपियन बाजारों में आज गिरावट देखने को मिली है। कच्चे तेल की कीमतें करीब 7 साल की ऊंचाई पर पहुंच गयी है, जिसका असर विदेशी बाजारों में दिखा। शुरुआती कारोबार में यूरोपियन बाजार करीब 2 प्रतिशत तक लुढ़के। विदेशी बाजारों में आई गिरावट और कच्चे तेल की कीमतों के असर को देखते हुए भारतीय बाजारों में भी मुनाफावसूली दर्ज हुई। सबसे ज्यादा असर रिलायंस इंडस्ट्री के स्टॉक में आई बिकवाली का रहा। नये रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद आरआईएल का शेयर करीब 2 प्रतिशत के नुकसान के साथ बंद हुआ है। बाजार में गिरावट और बढ़ सकती थी हालांकि एचडीएफसी बैंक में आई खरीद से नुकसान का असर कुछ कम रहा। 

कहां हुआ निवेशकों को नुकसान और कहां फायदा
शेयर बाजार में आज चौतरफा बिकवाली देखने को मिली है, यानि सभी सेक्टर इंडेक्स आज लाल निशान में बंद हुए हैं। सबसे ज्यादा असर मेटल सेक्टर पर पड़ा, सेक्टर इंडेक्स आज करीब 3 प्रतिशत के नुकसान के साथ बंद हुआ है। ऑटो, आईटी, फार्मा और सरकारी बैंक एक प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट के साथ बंद हुए हैं। इसमें से भी फार्मा और सरकारी बैंकों में नुकसान 1.5 प्रतिशत से ज्यादा रहा है।   निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 42 आज गिरावट के साथ बंद हुए। इसमें से भी 5 स्टॉक्स का नुकसान 3 प्रतिशत से ज्यादा रहा। सबसे ज्यादा गिरने वालों में हिंडाल्को 4.1 प्रतिशत, एसबीआई लाइफ 3.64 प्रतिशत, इंडसइंड बैंक 3.39 प्रतिशत और टाटा स्टील 3.25 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। वहीं दूसरी तरफ टाटा कंज्यूमर 2.48 प्रतिशत, ओएनजीसी 2.23 प्रतिशत और यूपीएल 1.66 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा