1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. कोरोना के डर से लुढ़का बाजार, सेंसेक्स 871 अंक और निफ्टी 265 अंक गिरकर बंद

कोरोना के डर से लुढ़का बाजार, सेंसेक्स 871 अंक और निफ्टी 265 अंक गिरकर बंद

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Mar 24, 2021 04:04 pm IST,  Updated : Mar 24, 2021 04:04 pm IST

सरकारी बैंकों के इंडेक्स 3.3 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ है। वहीं मेटल सेक्टर इंडेक्स में 3.24 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई है। बैंकिंग, ऑटो और रियल्टी सेक्टर इंडेक्स 2-2 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट के साथ बंद हुआ है।

बाजार में गिरावट- India TV Hindi
बाजार में गिरावट Image Source : PTI

नई दिल्ली। कोरोना के नए मामलों में बढ़त जारी रहने से शेयर बाजार में आज तेज गिरावट देखने को मिली है। आज के कारोबार में सेंसेक्स 871 अंक की गिरावट के साथ 49180 के स्तर पर और निफ्टी 265 अंक की गिरावट के साथ 14549 के स्तर पर बंद हुआ है। आज के कारोबार में फार्मा सेक्टर को छोड़कर बाकी सभी सेक्टर इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए हैं। सबसे ज्यादा नुकसान में सरकारी बैंक रहे हैं।

क्यों आई बाजार में गिरावट

बाजार में आज की गिरावट की मुख्य वजह दुनिया भर में कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह से पैदा हुई अनिश्चितता हैं। कोरोना संकट की वजह से दुनिया भर के बाजारों में आज गिरावट का रुख रहा। वहीं देश में कोरोना के नए मामलों में लगातार जारी तेजी से कई जगह एक बार फिर से लॉकडाउन लगाना पड़ा है, राज्य सरकारों ने संकेत दिया है कि अगर कोरोना की रफ्तार ऐसे ही बढ़ती रही तो वो और सख्त कदम उठा सकते हैं। इसके अलावा दुनिया भर में कोरोना के बढ़ते मामलों से आर्थिक रिकवरी को झटका लगने की आशंका बन गई है। इससे निवेशक सतर्क रुख अपना रहे हैं। इसके साथ ही विदेशी बाजारों के संकेतों का भी दबाव रहा है। घरेलू बाजारों के बंद होते वक्त यूके, जर्मनी और फ्रांस के बाजारों में आधा फीसदी तक की गिरावट दर्ज हुई थी। वहीं हॉन्गकॉन्ग, जापान और चीन के बाजार आज गिरावट के साथ बंद हुए हैं।

कैसा रहा आज का कारोबार

बुधवार को शेयर बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई थी, और दोपहर के बाद बाजार में गिरावट और बढ़ गई। सेंसेक्स आज 49120 के दिन के निचले स्तरों तक पहुंचा और इसी स्तर के करीब बंद भी हुआ। आज के कारोबार में सबसे ज्यादा नुकसान सरकारी बैंकों में हुआ है। इंडेक्स 3.3 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ है। वहीं मेटल सेक्टर इंडेक्स में 3.24 प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई है। बैंकिंग, ऑटो और रियल्टी सेक्टर इंडेक्स 2-2 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट के साथ बंद हुआ है। वहीं दूसरी तरफ फार्मा सेक्टर सीमित बढ़त के साथ बंद हुआ है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा