1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार में तेजी, शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 240 अंक चढ़ा निफ्टी 15,770 के पार

शेयर बाजार में तेजी, शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 240 अंक चढ़ा निफ्टी 15,770 के पार

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jul 12, 2021 12:53 pm IST,  Updated : Jul 12, 2021 12:53 pm IST

आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस और रिलायंस इंडस्ट्रीज में बढ़त के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स सोमवार को शुरुआती कारोबार में 240 अंक से अधिक चढ़ गया।

शेयर बाजार में तेजी,...- India TV Hindi
शेयर बाजार में तेजी, शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 240 अंक चढ़ा निफ्टी 15,770 के पार  Image Source : AP

मुंबई। वैश्विक बाजारों में मजबूती के बीच आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस और रिलायंस इंडस्ट्रीज में बढ़त के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स सोमवार को शुरुआती कारोबार में 240 अंक से अधिक चढ़ गया। इस दौरान 30 शेयरों वाला बीएसई सूचकांक 241.95 अंक या 0.46 प्रतिशत बढ़कर 52,628.14 पर कारोबार कर रहा था, जबकि व्यापक एनएसई निफ्टी 81.65 अंक या 0.52 प्रतिशत बढ़कर 15,771.45 पर पहुंच गया।

सेंसेक्स में सबसे अधिक दो प्रतिशत की तेजी आईसीआईसीआई बैंक में रही। इसके अलावा मारुति सुजुकी, एसबीआई, अल्ट्राटेक सीमेंट, इंडसइंड बैंक और टाटा स्टील भी बढ़त वाले शेयरों में शामिल थे। दूसरी ओर बजाज फिनसर्व, एचडीएफसी बैंक, टेक महिंद्रा और हिंदुस्तान यूनिलीवर लाल निशान में थे। पिछले सत्र में सेंसेक्स 182.75 अंक या 0.35 प्रतिशत की गिरावट के साथ 52,386.19 पर बंद हुआ था, जबकि एनएसई निफ्टी 38.10 अंक या 0.24 प्रतिशत गिरकर 15,689.80 पर बंद हुआ।

शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को सकल आधार पर 1,124.65 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.19 फीसदी की गिरावट के साथ 75.41 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 21 पैसे चढ़ा

घरेलू शेयर बाजार में मजबूती के रुख को देखते हुए रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 21 पैसे चढ़कर 74.43 पर पहुंच गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 74.49 पर खुला, और फिर बढ़त के साथ 74.43 के स्तर पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 21 पैसे की बढ़त दर्शाता है। रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 74.64 पर बंद हुआ था। इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत बढ़कर 92.18 पर पहुंच गया। शेयर बाजार के अस्थाई आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को सकल आधार पर 1,124.65 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा