1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. ऑल टाइम हाई से नीचे आया शेयर बाजार, फार्मा शेयरों ने दी सेंसेक्स और निफ्टी को मजबूती

ऑल टाइम हाई से नीचे आया शेयर बाजार, फार्मा शेयरों ने दी सेंसेक्स और निफ्टी को मजबूती

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Jul 16, 2021 12:17 pm IST,  Updated : Jul 16, 2021 12:17 pm IST

बड़े शेयरों में बढ़त के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में 100 अंक से अधिक चढ़ गया।

Stock Market Live - India TV Hindi
Stock Market Live 

मुंबई। वैश्विक बाजारों में ज्यादातर नकारात्मक रुख के बावजूद रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक और आईटीसी जैसे बड़े शेयरों में बढ़त के चलते प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में 100 अंक से अधिक चढ़ गया। इस दौरान 30 शेयरों वाला बीएसई सूचकांक शुरुआती सत्र में 53,290.81 की ऊंचाई छूने के बाद, 111.60 अंक या 0.21 प्रतिशत बढ़कर 53,270.45 पर कारोबार कर रहा था, जबकि व्यापक एनएसई निफ्टी 33.60 अंक या 0.21 प्रतिशत बढ़कर 15,957.80 पर पहुंच गया।

सेंसेक्स में सबसे अधिक एक प्रतिशत से ज्यादा की तेजी आईटीसी में रही। इसके अलावा सन फार्मा, डॉ रेड्डीज, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी भी बढ़ने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे। दूसरी ओर एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस और एनटीपीसी के शेयरों में गिरावट आयी। पिछले सत्र में सेंसेक्स 254.75 अंक या 0.48 प्रतिशत बढ़कर 53,158.85 की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया था जबकि निफ्टी 70.25 अंक या 0.44 प्रतिशत बढ़कर 15,924.20 पर बंद हुआ था। इस बीच अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.12 फीसदी की गिरावट के साथ 73.38 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया तीन पैसे चढ़ा

भारतीय रुपया शुक्रवार को शुरुआती कारोबार के दौरान अमेरिकी डॉलर के मुकाबले तीन पैसे चढ़कर 74.51 के स्तर पर पहुंच गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में घरेलू इकाई डॉलर के मुकाबले 74.53 पर खुली और फिर टूटकर 74.51 पर पहुंच गई, जो पिछले बंद के मुकाबले केवल तीन पैसे की बढ़त को दर्शाता है। रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 74.54 पर बंद हुआ था। इसी बीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.06 प्रतिशत की कमी के साथ 92.56 पर कारोबार कर रहा था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा