1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. इस हफ्ते बाजार में देखने को मिल सकता है उतार-चढ़ाव, कोरोना आंकड़ों पर नजर

इस हफ्ते बाजार में देखने को मिल सकता है उतार-चढ़ाव, कोरोना आंकड़ों पर नजर

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Mar 29, 2021 02:21 pm IST,  Updated : Mar 29, 2021 02:23 pm IST

जानकारों की माने तो कोविड-19 मामलों में फिर से तेजी तथा ऊंचे स्तरों पर शेयरों के पहुंचने से बाजार में थोड़ा सुधार देखने को मिल सकता है। बाजार में स्थिरता टीकाकरण की गति और चौथी तिमाही के कंपनियों के परिणाम पर निर्भर करेगी।

बाजार में उतार-चढ़ाव...- India TV Hindi
बाजार में उतार-चढ़ाव का अनुमान Image Source : PTI

नई दिल्ली। अवकाश के कारण कम कारोबारी दिवस वाले इस सप्ताह में शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। बाजार जानकारों ने कारोबार को लेकर ये अनुमान दिया है। उनके मुताबिक मुख्य रूप से देश में कोविड-19 स्थिति और विदेशी बाजारों से मिलने वाले संकेतों से बाजार को गति मिलेगी। शेयर बाजार आज सोमवार को होली के अवसर पर बंद है वहीं शुक्रवार को गुड फ्राइडे के अवसर पर भी कारोबार नहीं होगा, इस तरह इस हफ्ते सिर्फ 3 दिन बाजार कारोबार के लिए खुलेगा।

क्या है बाजार के जानकारों की राय

च्वॉइस ब्रोकिंग के शोध विश्लेषक सतीश कुमार ने कहा, ‘‘निवेशकों की कोराना वायरस स्थिति और अमेरिका में बांड यील्ड पर नजर होगी।’’ पिछले सप्ताह, तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 849.74 अंक यानी 1.70 प्रतिशत नीचे आया। देश में कोविड-19 के बढ़ते मामलों का बाजार धारणा पर असर पड़ा है। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के खुदरा शोध प्रमुख सिद्धार्थ खेमका ने कहा, ‘‘सोमवार को होली और शुक्रवार को गुड फ्राइडे के कारण इस सप्ताह कारोबारी दिवस कम होगा। ऐसे में कारोबारियों की नजर वैश्विक रुख पर होगी।’’ सैमको सिक्योरिटीज की इक्विटी शोध प्रमुख निराली शाह ने कहा, ‘‘इस सप्ताह कोई महत्वपूर्ण आंकड़े या गतिविधियां नहीं होनी है। ऐसे में खासकर कोविड-19 के बढ़ते मामलों के कारण बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।’’ इसके अलावा वाहन बिक्री के आंकड़े जारी होने के बीच उन कंपनियों के शेयरों पर निवेशकों की नजर होगी। साथ ही वैश्विक मानक ब्रेंट क्रूड, रुपये की विनिमय दर में उतार-चढ़ाव तथा विदेशी संस्थागत निवेशकों के निवेश प्रतिरूप पर नजर होगी। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘कोविड-19 मामलों में फिर से तेजी तथा ऊंचे स्तरों पर शेयरों के पहुंचने से बाजार में थोड़ा सुधार देखने को मिल सकता है। बाजार में स्थिरता टीकाकरण की गति और चौथी तिमाही के कंपनियों के परिणाम पर निर्भर करेगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा