1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. अडाणी एंटरप्राइजेज के QIP को मिला 4 गुना सब्सक्रिप्शन, कंपनी ने जुटाए 15,000 करोड़ रुपये

अडाणी एंटरप्राइजेज के QIP को मिला 4 गुना सब्सक्रिप्शन, कंपनी ने जुटाए 15,000 करोड़ रुपये

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Jul 04, 2026 03:35 pm IST,  Updated : Jul 04, 2026 03:35 pm IST

अडाणी एंटरप्राइजेज के QIP में पैसा लगाने वाले प्रमुख निवेशकों में कैपिटल ग्रुप, गोल्डमैन सैक्स, ब्लैकरॉक, ब्लैकस्टोन और नोमुरा जैसे ग्लोबल नाम शामिल थे।

Adani Enterprises, Adani Enterprises QIP, QIP- India TV Hindi
अडाणी ने जुटाए 15,000 करोड़ रुपये Image Source : PTI

अडाणी एंटरप्राइजेज ने अपने क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) इश्यू से सफलतापूर्वक 15,000 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। कंपनी के QIP को निवेशकों का बंपर समर्थन मिला और इसे कुल 4 गुना से भी ज्यादा सब्सक्राइब किया गया। खास बात ये रही कि अडाणी एंटरप्राइजेज के इस QIP में सिर्फ घरेलू निवेशकों ने ही नहीं, बल्कि कई विदेशी निवेशकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

अडाणी एंटरप्राइजेज के QIP में कई विदेशी कंपनियों ने लगाया पैसा

इकोनॉमिक टाइम्स को सूत्रों ने बताया कि अडाणी एंटरप्राइजेज के QIP में पैसा लगाने वाले प्रमुख निवेशकों में कैपिटल ग्रुप, गोल्डमैन सैक्स, ब्लैकरॉक, ब्लैकस्टोन और नोमुरा जैसे ग्लोबल नाम शामिल थे। सूत्र के अनुसार, इस क्यूआईपी में एचडीएफसी म्यूचुअल फंड्स, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड्स, आदित्य बिड़ला सन लाइफ म्यूचुअल फंड्स, कोटक म्यूचुअल फंड्स, टाटा म्यूचुअल फंड्स, एसबीआई म्यूचुअल फंड्स और मोतीलाल ओसवाल म्यूचुअल फंड्स जैसी प्रमुख घरेलू म्यूचुअल फंड कंपनियों ने भी हिस्सा लिया।

2 जुलाई को लॉन्च हुई था QIP

अडाणी एंटरप्राइजेज ने शुरू में 2 जुलाई को 10,000 करोड़ रुपये का QIP लॉन्च किया था, जिसमें 5,000 करोड़ रुपये का ग्रीनशू ऑप्शन भी था। जबरदस्त मांग के बाद, कंपनी ने इश्यू का साइज बढ़ाकर 15,000 करोड़ रुपये कर दिया। QIP में लगभग 38,000 करोड़ रुपये की बोलियां आईं, जो बेस इश्यू साइज के सब्सक्रिप्शन से लगभग चार गुना ज्यादा थीं।

कंपनी ने फिक्स की थी 2,883 रुपये प्रति शेयर की कीमत

इश्यू की अनुमानित कीमत 2,883 रुपये प्रति शेयर तय की गई थी, जो SEBI की फ्लोर प्राइस 3,034.68 रुपये से 5% कम और NSE पर 2 जुलाई के क्लोजिंग प्राइस 3,177.50 रुपये से लगभग 9.3% कम थी। शुक्रवार को अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 1.02% बढ़कर 3,209 रुपये पर पहुंच गया। कंपनी लगभग 34.7 मिलियन शेयर जारी करने की योजना बना रही है, जिससे इश्यू के बाद उसकी इक्विटी में लगभग 2.6% की कमी आएगी।

कहां खर्च होंगे QIP से आए पैसे

QIP से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कंपनी के इनक्यूबेशन बिजनेस को बढ़ाने के लिए कैपिटल एक्सपेंडिचर (पूंजीगत खर्च), कर्ज चुकाने और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। इसमें अधिग्रहण और रणनीतिक निवेश के ज़रिए संभावित इनऑर्गेनिक ग्रोथ के मौके भी शामिल हैं। ये QIP, अक्टूबर 2024 में अडाणी एंटरप्राइजेज के पहले के प्लेसमेंट और FY26 की दूसरी छमाही में ₹25,000 करोड़ के राइट्स इश्यू (जिसे तीन किश्तों में पूरा किया गया था) के बाद आया है।

ये भी पढ़ें- 

''1 लीटर डीजल पर 18.9 रुपये और पेट्रोल पर 6 रुपये का नुकसान''- पहली तिमाही में तेल कंपनियों को भारी घाटा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा