अदानी ग्रुप के शेयरों में बुधवार को जोरदार उछाल देखने को मिला। मजबूत वैश्विक संकेतों और घरेलू बाजार में आई रैली के बीच अदानी टोटल गैस लिमिटेड और अदानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के शेयर 13 प्रतिशत से अधिक चढ़ गए। पीटीआई की खबर के मुताबिक, इस उछाल के पीछे एक अहम वजह अमेरिकी अदालत का वह फैसला रहा, जिसमें उद्योगपति गौतम अदानी की याचिका पर सुनवाई के लिए मंजूरी दी गई है।
Related Stories
यह याचिका अमेरिकी प्रतिभूति और विनिमय आयोग (एससीएस) द्वारा दायर कथित धोखाधड़ी मामले को खारिज करने के लिए दाखिल की गई है। अदानी और उनके भतीजे सागर की ओर से दायर इस अपील पर न्यूयॉर्क के ईस्टर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने प्री-मोशन कॉन्फ्रेंस आयोजित करने की अनुमति दे दी है, जिससे निवेशकों के बीच सकारात्मक माहौल बना।
शेयरों का प्रदर्शन
तेजी के इस दौर में समूह की कई कंपनियों के शेयरों में जोरदार उछाल दर्ज किया गया:
Adani Total Gas: 13.44%
Adani Green Energy: 13.14%
NDTV Ltd: 12.26%
Adani Enterprises Ltd: 11%
इसके अलावा
Adani Energy Solutions Ltd: 9.99%
Ambuja Cements Ltd: 9.99%
Adani Ports and Special Economic Zone Ltd: 8.91%
ACC Ltd: 8.10%
Adani Power Ltd: 6.64%
क्या है मामला
अदानी के वकीलों ने अदालत में दायर याचिका में कहा है कि कथित रिश्वत मामले में कोई ठोस सबूत मौजूद नहीं है और एसईसी के पास इस मामले में आवश्यक अधिकार क्षेत्र भी नहीं है। साथ ही, उन्होंने आरोपों को कानूनी रूप से कमजोर बताया है। यह मामला नवंबर 2024 में एसईसी और अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा दर्ज किया गया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि अदानी समूह ने सोलर एनर्जी कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने के लिए 250 मिलियन डॉलर से अधिक की रिश्वत देने की कोशिश की और इस जानकारी को अमेरिकी निवेशकों व बैंकों से छिपाया।
हालांकि, अदानी ग्रुप ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। समूह का कहना है कि उसकी किसी भी इकाई या अधिकारी पर अमेरिकी विदेशी भ्रष्ट आचरण कानून (एफसीपीए) के तहत कोई आरोप तय नहीं हुआ है, और अदानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड इस मामले का पक्षकार भी नहीं है।