1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. जैक मा की कंपनी ने पेटीएम के बाद अब इस भारतीय कंपनी की हिस्सेदारी बेची, ₹4097 करोड़ में बेचे 14.13 करोड़ शेयर

जैक मा की कंपनी ने पेटीएम के बाद अब इस भारतीय कंपनी की हिस्सेदारी बेची, ₹4097 करोड़ में बेचे 14.13 करोड़ शेयर

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : Aug 08, 2025 07:42 am IST,  Updated : Aug 08, 2025 07:42 am IST

एंटफिन ने एटरनल की 1.46 प्रतिशत हिस्सेदारी (14.13 करोड़ से ज्यादा शेयर) 4097 करोड़ रुपये में बेची है। ये डील 289.91 रुपये प्रति शेयर के औसत भाव पर हुई है।

jack ma, alibaba, alibaba group, ant group, antfin singapore holding private limited, eternal, etern- India TV Hindi
अलीबाबा ग्रुप के को-फाउंडर जैक मा Image Source : AP

चीन के अरबपति जैक मा की कंपनी एंट ग्रुप ने जोमैटो और ब्लिंकिट ब्रांड का संचालन करने वाली कंपनी एटरनल में अपनी हिस्सेदारी को आंशिक रूप से घटा दिया। एंट ग्रुप ने गुरुवार को ओपन मार्केट में किए गए ट्रांजैक्शन के जरिए एटरनल में अपनी 1.46 प्रतिशत हिस्सेदारी 4097 करोड़ रुपये में बेच दी। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर थोक सौदों के बारे में उपलब्ध सूचना के मुताबिक, एंट ग्रुप की यूनिट एंटफिन सिंगापुर होल्डिंग प्राइवेट लिमिटेड ने एटरनल के 14.13 करोड़ से ज्यादा शेयर बेच दिए। ये डील 289.91 रुपये प्रति शेयर की औसत कीमत पर हुई। इस तरह डील की कुल वैल्यू 4096.75 करोड़ रुपये रही।

एटरनल में 1.95 प्रतिशत से घटकर 0.49 प्रतिशत हुई एंटफिन की हिस्सेदारी 

इस ट्रांजैक्शन के बाद एटरनल में एंटफिन की हिस्सेदारी 1.95 प्रतिशत से घटकर अब 0.49 प्रतिशत रह गई है। हालांकि, इस डील को लेकर ये जानकारी नहीं मिल पाई है कि एंटफिन द्वारा बेचे गए 14.13 करोड़ शेयरों को किन निवेशकों ने खरीदा है। बताते चलें कि इससे पहले, एंट ग्रुप ने पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस में भी अपनी पूरी 5.84 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 3980 करोड़ रुपये में बेच दी थी। पिछले साल अगस्त में एंटफिन सिंगापुर होल्डिंग ने जोमैटो (अब एटरनल) में 2 प्रतिशत हिस्सेदारी 4771 करोड़ रुपये में बेची थी जबकि मार्च, 2024 में भी कंपनी ने 2 प्रतिशत हिस्सेदारी 2827 करोड़ रुपये में बेची थी।

गुरुवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे कंपनी के शेयर

गुरुवार को बीएसई पर एटनरल के शेयर 2.90 रुपये (0.97%) की बढ़त के साथ 301.80 रुपये के भाव पर बंद हुए। कल कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर 290.35 रुपये के इंट्राडे लो से लेकर 303.20 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंचे थे। बीएसई के डेटा के मुताबिक, एटरनल के शेयर अपने 52 वीक हाई के करीब कारोबार कर रहे हैं। एटरनल के शेयरों का 52 वीक हाई 314.40 रुपये है, जबकि इसका 52 वीक लो 189.60 रुपये है। ऑनलाइन खाना और ग्रोसरी डिलीवरी करने वाली इस कंपनी का मौजूदा मार्केट कैप 2,91,247.58 करोड़ रुपये है।

डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा