1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कतर-बहरीन के लिए फ्लाइट्स फिर कर दी शुरू, पैसेंजर्स को होगी सुविधा

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कतर-बहरीन के लिए फ्लाइट्स फिर कर दी शुरू, पैसेंजर्स को होगी सुविधा

 Published : Apr 30, 2026 09:41 pm IST,  Updated : Apr 30, 2026 09:56 pm IST

एयर इंडिया एक्सप्रेस खाड़ी देशों को भारत से जोड़ने वाले प्रमुख वाहकों में शामिल है। कंपनी रोजाना 500 से अधिक उड़ानों का संचालन करती है और वर्तमान में 45 घरेलू तथा 17 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों को अपनी सेवाएं प्रदान कर रही है।

पश्चिम एशियाई शहरों के लिए नियमित उड़ानें धीरे-धीरे बहाल की जा रही हैं।- India TV Hindi
पश्चिम एशियाई शहरों के लिए नियमित उड़ानें धीरे-धीरे बहाल की जा रही हैं। Image Source : ANI

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण प्रभावित हुई उड़ान सेवाओं के बीच एयर इंडिया एक्सप्रेस ने गुरुवार से कतर और बहरीन के लिए अपनी फ्लाइट्स फिर से शुरू कर दी हैं। इसके साथ ही एयरलाइन ने यूएई, ओमान और सऊदी अरब के लिए अतिरिक्त सेवाएं भी बहाल की हैं। पीटीआई की खबर के मुताबिक,पश्चिम एशिया में तनाव के चलते कई देशों के एयरस्पेस पर प्रतिबंध लगाए गए थे, जिसका सीधा असर एयरलाइंस के संचालन पर पड़ा। एयर इंडिया एक्सप्रेस के लिए यह क्षेत्र एक अहम बाजार है, इसलिए उसकी सेवाएं भी प्रभावित हुई थीं।

नियमित उड़ानें धीरे-धीरे हो रहीं बहाल 

एयरलाइन के एक अधिकारी के अनुसार, अब विभिन्न पश्चिम एशियाई शहरों के लिए नियमित उड़ानें धीरे-धीरे बहाल की जा रही हैं, हालांकि अभी सेवाओं की संख्या पहले की तुलना में कम रखी गई है। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने एक बयान में बताया कि उसने दोहा (कतर) और बहरीन के लिए उड़ान संचालन दोबारा शुरू कर दिया है। साथ ही यूएई, ओमान और सऊदी अरब के कई शहरों के लिए अतिरिक्त उड़ानों का संचालन किया जा रहा है।

एयरलाइन अल ऐन, अबू धाबी, दुबई, रास अल खैमाह, शारजाह (यूएई), जेद्दा, रियाद (सऊदी अरब) और मस्कट (ओमान) के लिए अपनी सेवाएं जारी रखेगी, जिससे भारत और खाड़ी देशों के बीच कनेक्टिविटी फिर से मजबूत हो सके। गौरतलब है कि एयर इंडिया एक्सप्रेस रोजाना 500 से अधिक उड़ानों का संचालन करती है, जो 45 घरेलू और 17 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों को जोड़ती हैं।

12 मार्च से फ्यूल सरचार्ज किया है लागू

एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 12 मार्च से हर घरेलू फ़्लाइट टिकट पर 399 रुपये का फ़्यूल सरचार्ज लगाने का फैसला किया है। मिडिल ईस्ट विवाद के चलते जेट फ़्यूल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी को देखते हुए, इंटरनेशनल बुकिंग के लिए भी चार्ज बढ़ाने का फैसला किया गया था। ये नए फ़्यूल सरचार्ज अलग-अलग चरणों में लागू किए जाएंगे।

फ़्यूल सरचार्ज लगाने की जरूरत पर अफसोस जताते हुए, एयर इंडिया ने मंगलवार को कहा था कि इन सरचार्ज के बिना यह मुमकिन है कि कुछ फ़्लाइट्स अपना ऑपरेटिंग खर्च भी न निकाल पाएं और उन्हें रद्द करना पड़े। घरेलू फ़्लाइट टिकट पर 399 रुपये का फ्यूल सरचार्ज का नियम SAARC फ़्लाइट्स पर भी लागू होगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा