1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. दोगुना हुआ इस सरकारी कंपनी का मुनाफा, डिविडेंड की भी घोषणा, 14% तक चढ़े शेयर के भाव

दोगुना हुआ इस सरकारी कंपनी का मुनाफा, डिविडेंड की भी घोषणा, 14% तक चढ़े शेयर के भाव

 Edited By: Sunil Chaurasia
 Published : May 04, 2026 02:54 pm IST,  Updated : May 04, 2026 02:54 pm IST

सरकारी इंजीनियरिंग और मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में उनका कुल शुद्ध मुनाफा बढ़कर 1,600.26 करोड़ रुपये हो गया।

bhel, bhel share, bhel share price, bhel dividend, bhel results, bhel q4 results- India TV Hindi
वित्त वर्ष 2025-26 में दर्ज किया गया 1,600.26 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ Image Source : FREEPIK

पब्लिक सेक्टर की इंजीनियरिंग और मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी BHEL (भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड) ने सोमवार को वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए। बीएचईएल ने बताया कि बीते वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में उनका शुद्ध लाभ दोगुना से भी ज्यादा होकर 1290.47 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी तिमाही में उन्हें 504.45 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था। बीएचईएल ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि बीते वर्ष की चौथी तिमाही में उनकी कुल आय बढ़कर 12,553.50 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 की चौथी तिमाही में 9,142.64 करोड़ रुपये थी। 

वित्त वर्ष 2025-26 में दर्ज किया गया 1,600.26 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ

इस सरकारी इंजीनियरिंग और मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का कुल शुद्ध मुनाफा बढ़कर 1,600.26 करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2024-25 में 533.90 करोड़ रुपये था। कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने 31 मार्च, 2026 को खत्म हुए वित्त वर्ष के लिए शेयरहोल्डरों को 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले प्रत्येक शेयर पर 1.40 रुपये के फाइनल डिविडेंड को भी मंजूरी दी है। बीएचईएल, एनर्जी और इंफ्रा सेक्टर में भारत की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग और मैन्यूफैक्चरिंग कंपनियों में से एक है।

शानदार नतीजों के बाद BHEL के शेयरों में जोरदार तेजी

हफ्ते के पहले दिन, सोमवार को बीएसई पर BHEL के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिल रही है। आज दोपहर 2.43 बजे तक बीएचईएल के शेयर 26.35 रुपये (7.48%) की ताबड़तोड़ बढ़त के साथ 378.75 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। पिछले हफ्ते गुरुवार को कंपनी के शेयर 352.40 रुपये के भाव पर बंद हुए थे और आज मामूली तेजी के साथ 355.80 रुपये के भाव पर खुले थे। हालांकि, कंपनी द्वारा वित्तीय नतीजे जारी करने के बाद बीएचईएल के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए निवेशकों में शेयर खरीदने की अचानक होड़ मच गई। आज कारोबार के दौरान सरकारी कंपनी के शेयर लगभग 14% तक की तेजी के साथ 398.95 रुपये तक के इंट्राडे हाई तक पहुंच चुके थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा