1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 4 दिन में 2,07,87,74,28,00,000 रुपये स्वाहा, शेयर बाजार निवेशकों का निकला दिवाला

4 दिन में 2,07,87,74,28,00,000 रुपये स्वाहा, शेयर बाजार निवेशकों का निकला दिवाला

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Oct 24, 2026 12:04 pm IST,  Updated : Oct 24, 2026 12:04 pm IST

बाजार में शुक्रवार को लगातार चौथे दिन गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 125.56 अंक यानी 0.17 प्रतिशत टूटकर 73,123.83 पर बंद हुआ।

sensex, bse, share market investors, crude oil price, middle east tension- India TV Hindi
बाजार निवेशकों को भारी नुकसान Image Source : FREEPIK

शेयर बाजार निवेशकों के लिए ये सप्ताह काफी बुरा साबित हुआ। दशहरा की वजह से इस हफ्ते 4 दिन ही कारोबार हुआ था और इन चारों दिन बाजार भारी गिरावट के साथ बंद हुए। पश्चिम एशिया संकट के कारण कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी तेजी की वजह से घरेलू शेयर बाजारों में भारी बिकवाली का दबाव देखने को मिला। इन 4 दिनों की गिरावट में शेयर बाजार निवेशकों के लगभग 21 लाख करोड़ रुपये डूब गए।

4 दिनों के कारोबार में 20,78,774.28 करोड़ रुपये डूबे

बाजार में शुक्रवार को लगातार चौथे दिन गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 125.56 अंक यानी 0.17 प्रतिशत टूटकर 73,123.83 पर बंद हुआ। इसके अलावा, निफ्टी भी 87.65 अंक यानी 0.39 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,600 अंकों पर आ गया। इस सप्ताह सेंसेक्स में 1605.44 अंक यानी 2.15 प्रतिशत की भारी-भरकम गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान, बीएसई पर लिस्ट कंपनियों का मार्केट कैप 16 अक्टूबर को 4,72,62,167.42 करोड़ रुपये था और अगले 4 सत्रों में ये 2,07,87,74,28,00,000 रुपये (20,78,774.28 करोड़) घटकर 4,51,83,393.14 करोड़ रुपये रह गया। 

भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों में जोरदार तेजी

मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड में एसेट मैनेजमेंट के रिसर्च हेड सिद्धार्थ खेमका ने कहा, ''भू-राजनीतिक तनाव बढ़ने और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच भारतीय बाजारों में कमजोरी बने रहने का अनुमान है, जिससे महंगाई की चिंताएं बढ़ रही हैं।'' 

ईरानी परमाणु तथा सैन्य संपत्तियों पर संभावित हमलों की खबरों ने बढ़ाई टेंशन

सिद्धार्थ खेमका ने कहा कि अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ता तनाव, ठप पड़ी कूटनीतिक बातचीत और ईरानी परमाणु तथा सैन्य संपत्तियों पर संभावित हमलों की खबरों ने भू-राजनीतिक जोखिमों को बढ़ा दिया है। ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड लगभग 3 प्रतिशत की छलांग लगाकर 116.73 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

इस हफ्ते कैसा रहा बाजार का प्रदर्शन

इस हफ्ते सोमवार को सेंसेक्स 876.37 अंक यानी 1.17 प्रतिशत टूटकर 73,852.90 अंक पर बंद हुआ। जबकि, निफ्टी 50 भी 257.20 अंक यानी 1.11 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,888.95 अंक पर आ गया। मंगलवार को दशहरा के अवसर पर बाजार बंद थे। बुधवार को सेंसेक्स 143.21 अंक यानी 0.19 प्रतिशत टूटकर 73,709.69 अंक पर बंद हुआ और निफ्टी 77.60 अंक यानी 0.34 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,811.35 अंक पर बंद हुआ। गुरुवार को सेंसेक्स 460.30 अंक यानी 0.62 प्रतिशत की गिरावट के साथ 73,249.39 अंक पर बंद हुआ और निफ्टी 123.70 अंक यानी 0.54 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,687.65 अंक पर बंद हुआ।

ये भी पढ़ें

IDBI Bank के कर्मचारियों पर नहीं पड़ेगा हिस्सेदारी बिक्री का कोई भी बुरा असर, जानें क्या बोले दीपम सचिव

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।