फूड डिलीवरी और क्विक कॉमर्स कंपनी Eternal के शेयरों में मंगलवार को करीब 15 प्रतिशत की उछाल देखने को मिली। इटरनल, जो जोमैटो और ब्लिंकिट जैसे ब्रांड की ओनर है, ने जून तिमाही में शानदार नतीजे हासिल किया है। पीटीआई की खबर के मुताबिक, बीएसई पर कंपनी का शेयर 14.89 प्रतिशत बढ़कर ₹311.60 पर पहुंच गया, जो इसके 52 सप्ताह का उच्चतम स्तर है। वहीं, एनएसई पर यह 14.55 प्रतिशत बढ़त के साथ ₹311.25 के 52-सप्ताह उच्च स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स और निफ्टी के सबसे बड़े गेनर के रूप में उभरा
खबर के मुताबिक, इससे पहले सोमवार को भी इटरनल के शेयर लगभग 6 प्रतिशत उछले थे। मंगलवार को यह शेयर सेंसेक्स और निफ्टी के सबसे बड़े गेनर के रूप में उभरा। जेएम फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशनल सिक्योरिटीज लिमिटेड की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इटरनल ने ब्लिंकिट के प्रदर्शन से फिर से सकारात्मक रूप से आश्चर्यचकित किया है। हालांकि, इस बार आश्चर्य कंपनी की प्रबंधन टिप्पणी से आया है, जो वित्तीय वर्ष 2025 की चौथी तिमाही के नतीजों के बाद की सतर्क टोन से काफी अलग था।
जून तिमाही में ₹25 करोड़ का शुद्ध लाभ
इटरनल ने बीते सोमवार को जून तिमाही में ₹25 करोड़ का समेकित शुद्ध लाभ दर्ज किया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में कंपनी का शुद्ध लाभ ₹253 करोड़ था। यह गिरावट क्विक कॉमर्स और बाहर खाने के कारोबार में जारी निवेशों के कारण आई है। कंपनी ने एक नियामकीय फाइलिंग में बताया कि इस तिमाही के नतीजे पिछले साल की समान तिमाही से तुलना योग्य नहीं हैं, क्योंकि अगस्त 2024 में इटरनल ने ऑर्बजेन टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड और वेस्टलैंड एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड का अधिग्रहण किया है, जो क्रमशः 'मूवी टिकटिंग' और 'इवेंट्स' व्यवसाय से जुड़ी कंपनियां हैं। यह अधिग्रहण वन 97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड (पेटीएम की मूल कंपनी) से किया गया था।
इस तिमाही में इटरनल की ऑपरेशन से इनकम ₹7,167 करोड़ रही, जो पिछले साल इसी अवधि के ₹4,206 करोड़ से काफी अधिक है। कंपनी ने यह भी बताया कि पहली बार उसके क्विक कॉमर्स नेट ऑर्डर वैल्यू ने पूरे तिमाही में फूड डिलीवरी के नेट ऑर्डर वैल्यू को पीछे छोड़ दिया है।