1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Gold Price Today: सोने की कीमत ने लगाई बड़ी छलांग, कितने पर है चांदी, जानें ताजा भाव

Gold Price Today: सोने की कीमत ने लगाई बड़ी छलांग, कितने पर है चांदी, जानें ताजा भाव

 Published : Sep 05, 2025 06:16 pm IST,  Updated : Sep 05, 2025 06:21 pm IST

जानकारों का कहना है कि भविष्य में भी सोने की कीमतों में वृद्धि का रुझान देखने को मिलेगा। 16-17 सितंबर को होने वाली अपनी अगली बैठक में फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में कटौती कर सकता है। जब ब्याज दरें घटती हैं, तो निवेशक सोने जैसे सुरक्षित निवेश की ओर आकर्षित होते हैं।

जूलरी स्टोर पर सोने के आभूषण ट्राई करती महिलाएं।- India TV Hindi
जूलरी स्टोर पर सोने के आभूषण ट्राई करती महिलाएं। Image Source : PTI

राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार को सोने की कीमतों में ₹900 की तेजी देखी गई, जिससे 24 कैरेट सोने का भाव ₹1,06,970 प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया। यह अब तक के रिकॉर्ड उच्च स्तर के बेहद करीब है। पीटीआई की खबर के मुताबिक, 99.5% शुद्धता वाले सोने का भाव ₹1,06,100 प्रति 10 ग्राम रहा, जो पिछले भाव ₹1,05,200 से अधिक था। वहीं, चांदी की कीमत ₹1,25,600 प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही। 

तेजी के मुख्य कारण

बाजार के जानकारों और विश्लेषकों का मानना है कि 16-17 सितंबर को होने वाली अपनी अगली बैठक में फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में कटौती कर सकता है। अमेरिका में हाल ही में जारी हुए रोज़गार के निराशाजनक आंकड़ों के बाद, यह उम्मीद और भी पुख्ता हो गई है। जब ब्याज दरें घटती हैं, तो निवेशक सोने जैसे सुरक्षित निवेश की ओर आकर्षित होते हैं। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा कि बाज़ारों ने लगभग मान लिया है कि सितंबर में फेड दरों में कटौती करेगा। इससे सोने में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली है।

रुपया भी गिरने से पड़ा फर्क

शुक्रवार को भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले 15 पैसे गिरकर ₹88.27 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ। विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली और अमेरिका द्वारा भारत पर संभावित अतिरिक्त शुल्क लगाने की चिंताओं ने रुपये को कमजोर किया है। रुपये की इस कमजोरी से सोने का आयात महंगा हो जाता है, जिससे घरेलू बाज़ार में उसकी कीमतें बढ़ जाती हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने में तेजी का रुख रहा। हाजिर सोने का भाव बढ़कर $3,551.44 प्रति औंस तक पहुंच गया, जो इसके $3,578.80 के सर्वकालिक उच्च स्तर के करीब है।

आगे क्या उम्मीदें?

मिराए एसेट शेयरखान के कमोडिटी और करेंसी हेड प्रवीण सिंह ने भविष्य में भी सोने की कीमतों में वृद्धि की संभावना जताई है। उन्होंने कहा कि फेड का ध्यान अब महंगाई से हटकर रोजगार बाजार पर केंद्रित हो गया है। अगर अमेरिका की आगामी नॉन-फार्म पेरोल रिपोर्ट और भी कमज़ोर आती है, तो फेड को दरें घटाने के लिए और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे सोने की कीमतों में और उछाल आ सकता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा