1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. ICICI Bank और HDFC Bank के निवेशकों को बीते हफ्ते हुआ खूब फायदा, उधर इन्फोसिस और TCS के इन्वेस्टर्स को नुकसान

ICICI Bank और HDFC Bank के निवेशकों को बीते हफ्ते हुआ खूब फायदा, उधर इन्फोसिस और TCS के इन्वेस्टर्स को नुकसान

 Written By: Pawan Jayaswal
 Published : Mar 16, 2025 01:04 pm IST,  Updated : Mar 16, 2025 01:05 pm IST

बीते हफ्ते में इन्फोसिस का बाजार पूंजीकरण 44,226.62 करोड़ रुपये घटकर 6,55,820.48 करोड़ रुपये रह गया। टीसीएस की वैल्यूएशन 35,800.98 करोड़ रुपये घटकर 12,70,798.97 करोड़ रुपये पर आ गई।

मार्केट कैप- India TV Hindi
मार्केट कैप Image Source : FILE

भारतीय शेयर बाजार में कमजोरी के रुख के बीच सेंसेक्स की टॉप-10 में से पांच कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में पिछले सप्ताह सामूहिक रूप से 93,357.52 करोड़ रुपये की गिरावट आई। सबसे अधिक नुकसान आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनियों इन्फोसिस और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) को हुआ। बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 503.67 अंक या 0.68 प्रतिशत नीचे आया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में 155.3 अंक या 0.69 प्रतिशत का नुकसान रहा। होली के अवसर पर शुक्रवार को शेयर बाजार बंद थे।

बीते सप्ताह में इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, हिंदुस्तान यूनिलीवर, भारतीय स्टेट बैंक (SBI) और रिलायंस इंडस्ट्रीज के बाजार मूल्यांकन में गिरावट आई। वहीं, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, आईटीसी, बजाज फाइनेंस और भारती एयरटेल का बाजार पूंजीकरण चढ़ गया। इन पांच कंपनियों के बाजार मूल्यांकन में सामूहिक रूप से 49,833.62 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई।

इन कंपनियों को हुआ नुकसान

बीते हफ्ते में इन्फोसिस का बाजार पूंजीकरण 44,226.62 करोड़ रुपये घटकर 6,55,820.48 करोड़ रुपये रह गया। टीसीएस की वैल्यूएशन 35,800.98 करोड़ रुपये घटकर 12,70,798.97 करोड़ रुपये पर आ गई। टॉप 10 कंपनियों की लिस्ट में यह खिसक कर तीसरे स्थान पर आ गई। हिंदुस्तान यूनिलीवर की बाजार हैसियत 6,567.11 करोड़ रुपये घटकर 5,11,235.81 करोड़ रुपये रह गई। एसबीआई की वैल्यूएशन 4,462.31 करोड़ रुपये घटकर 6,49,489.22 करोड़ रुपये रह गयी। रिलायंस इंडस्ट्रीज की वैल्यूएशन में 2,300.50 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह घटकर 16,88,028.20 करोड़ रुपये पर आ गई।

इन कंपनियों का बढ़ा एमकैप

इस रुख के उलट आईसीआईसीआई बैंक की बाजार हैसियत 25,459.16 करोड़ रुपये बढ़कर 8,83,202.19 करोड़ रुपये हो गई। एचडीएफसी बैंक का बाजार वैल्यूएशन 12,591.60 करोड़ रुपये बढ़कर 13,05,169.99 करोड़ रुपये पर पहुंच गयी। आईटीसी का बाजार पूंजीकरण 10,073.34 करोड़ रुपये बढ़कर 5,15,366.68 करोड़ रुपये हो गया। बजाज फाइनेंस की वैल्यूएशन 911.22 करोड़ रुपये बढ़कर 5,21,892.47 करोड़ रुपये पर और भारती एयरटेल की 798.30 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 9,31,068.27 करोड़ रुपये पर पहुंच गयी।

ये रहीं टॉप-10 कंपनियां

टॉप 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: एचडीएफसी बैंक, टीसीएस, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फाइनेंस, आईटीसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा