1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Share Market Today: तेल की कीमतों में उछाल से सहमा बाजार, सेंसेक्स 600 अंक लुढ़का; निफ्टी 23500 से नीचे आया

Share Market Today: तेल की कीमतों में उछाल से सहमा बाजार, सेंसेक्स 600 अंक लुढ़का; निफ्टी 23500 से नीचे आया

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Mar 13, 2026 09:31 am IST,  Updated : Mar 13, 2026 09:31 am IST

शुक्रवार को भी भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और अंतरराष्ट्रीय तनाव के कारण निवेशकों का मूड सतर्क नजर आया। इसी वजह से बाजार खुलते ही बिकवाली का दबाव देखने को मिला और सेंसेक्स-निफ्टी लाल निशान में चले गए।

शेयर बाजार में गिरावट- India TV Hindi
शेयर बाजार में गिरावट Image Source : ANI

वैश्विक बाजारों से मिल रहे कमजोर संकेतों और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के कारण शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार दबाव में खुला। बाजार खुलते ही निवेशकों में सतर्कता देखने को मिली और प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ कारोबार करने लगे। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 600 अंक तक लुढ़क गया, जबकि निफ्टी 23,500 के महत्वपूर्ण स्तर से नीचे फिसल गया।

शुरुआती कारोबार में BSE सेंसेक्स 644.58 अंक गिरकर 75,389.84 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। वहीं निफ्टी 50 163.30 अंक टूटकर 23,475.85 के स्तर पर आ गया। बाजार में गिरावट के बीच कुछ शेयरों में खरीदारी भी देखने को मिली। निफ्टी में कोल इंडिया, एनटीपीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज और बजाज फाइनेंस बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। वहीं दूसरी ओर एचडीएफसी बैंक, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा स्टील, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और टेक महिंद्रा जैसे शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।

बाजार में मिला-जुला रुख

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार करीब 837 शेयरों में तेजी देखने को मिली, जबकि 1,264 शेयर गिरावट में रहे और 162 शेयर बिना किसी बदलाव के कारोबार करते रहे। इससे साफ है कि बाजार में फिलहाल निवेशक सतर्क रुख अपनाए हुए हैं।

इन शेयरों पर रहेगी निवेशकों की नजर

  • जेके लक्ष्मी सीमेंट को असम में जुइपहार न्यू उमरंगसो लाइमस्टोन ब्लॉक के लिए प्रेफर्ड बिडर घोषित किया गया है। इसके अलावा कंपनी ने NECEM सिमेंट्स में करीब 77.96 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने को मंजूरी दी है।
  • मैक्स फाइनेंशियल सर्विसेस ने 2,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना को मंजूरी दी है। यह फंड मुख्य रूप से एक्सिस मैक्स लाइफ इंश्योरेंस के विस्तार और विकास योजनाओं में इस्तेमाल किया जाएगा।
  • मनोरमा इंडस्ट्रीज ने भी 500 करोड़ रुपये तक फंड जुटाने की योजना को मंजूरी दी है। वहीं, नेक्टर लाइफसाइंस ने अपनी सहयोगी कंपनी एवेन्सिस एक्सपोर्ट्स के साथ 100 करोड़ रुपये तक का इंटर-कॉरपोरेट लोन एग्रीमेंट किया है।

बैंकिंग और एनर्जी सेक्टर में हलचल

इंडियन ओवरसीज बैंक ने एक महीने की एमसीएलआर दर में 10 बेसिस पॉइंट की कटौती की है, जो 15 मार्च से लागू होगी। वहीं, KPI ग्रीन एनर्जी ने एक्स्ट्रा 35 मेगावाट सोलर क्षमता शुरू करने की घोषणा की है, जिससे कंपनी की कुल परिचालन क्षमता बढ़कर 589 मेगावाट हो गई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा