शेयर बाजार में बुधवार की सुबह रौनक देखने को मिली। ग्लोबल मार्केट से मिल रहे सकारात्मक संकेतों और घरेलू कंपनियों के शानदार प्रदर्शन के चलते भारतीय शेयर बाजार आज हरे निशान पर खुला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स (Sensex) करीब 350 अंकों की उछाल के साथ 77,237 के लेवल पर ट्रेड कर रहा है, वहीं निफ्टी भी 100 अंकों से ज्यादा की बढ़त बनाकर 22,500 के स्तर को पार करने की कोशिश में है।
इन शेयरों ने पकड़ी रफ्तार
बाजार की इस तेजी में बैंकिंग और ऑटो सेक्टर का बड़ा हाथ है। बंधन बैंक के शेयरों में आज चमक देखी जा रही है, क्योंकि कंपनी का मुनाफा 68% बढ़कर ₹534.1 करोड़ हो गया है। इसके अलावा, CEAT के शेयरों में भी भारी हलचल है, जिसका मुनाफा 145% की भारी बढ़त के साथ ₹243.85 करोड़ पर पहुँच गया है। टायर्स और बैंकिंग सेक्टर के इन मजबूत आंकड़ों ने बाजार के सेंटिमेंट को काफी बूस्ट किया है।
आज आने वाले हैं इन दिग्गजों के नतीजे
आज बाजार की नजर 15 से ज्यादा बड़ी कंपनियों के वित्तीय नतीजों पर रहेगी। इनमें बजाज फाइनेंस, अडानी पावर, वेदांता और इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) जैसी दिग्गज कंपनियां शामिल हैं। इन कंपनियों के नतीजे दोपहर बाद या बाजार बंद होने के समय आएंगे, जिसका असर आने वाले दिनों में शेयर की कीमतों पर साफ दिखेगा।
बीमा और लॉजिस्टिक्स सेक्टर में भी जोश
आज के स्टार हेल्थ इंश्योरेंस और गो डिजिट के शेयरों में इन्वेस्टर्स नजर रख सकत हैं। स्टार हेल्थ का मुनाफा रिकॉर्ड तोड़ते हुए ₹111.3 करोड़ पर पहुंच गया है, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह मात्र ₹50 लाख था। वहीं, अडानी विल्मर (AWL) के एग्रीकल्चर बिजनेस में भी 53% की मुनाफे की बढ़त ने निवेशकों को आकर्षित किया है।
निवेशकों के लिए क्या है सलाह?
बाजार फिलहाल तेजी के मूड में है, लेकिन जानकारों का कहना है कि आज आने वाले नतीजों के कारण बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। गार्डन रीच शिपबिल्डर्स और मदरसन सुमी जैसे शेयरों पर भी नजर रखना जरूरी है, जिन्होंने रेवेन्यू में अच्छी ग्रोथ दिखाई है।