1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. इन 8 लॉर्ज कैप स्टॉक्स में निवेशकों के डूबे 3 लाख करोड़ रुपये, डूबते बाजार में इन 2 ने दिया सहारा

इन 8 लॉर्ज कैप स्टॉक्स में निवेशकों के डूबे 3 लाख करोड़ रुपये, डूबते बाजार में इन 2 ने दिया सहारा

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Mar 02, 2025 11:21 am IST,  Updated : Mar 02, 2025 11:21 am IST

टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज का बाजार मूल्यांकन 1,09,211.97 करोड़ रुपये घटकर 12,60,505.51 करोड़ रुपये रह गया। इससे शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में टीसीएस दूसरे से खिसक कर तीसरे स्थान पर आ गई है।

Share - India TV Hindi
स्टॉक्स Image Source : FILE

कोरोना महामारी के बाद भारतीय शेयर बाजार अपने सबसे बुरे दौर में है। ​बाजार में लगातार 5वें महीने बिकवाली हावी रही है। इससे निवेशकों के लाखों करोड़ अबतक डूब चुके हैं। बाजार में बिकवाली से बड़ी कंपनियों के स्टॉक्स भी पीछे नहीं है। सेंसेक्स में शामिल टॉप 10 लॉर्ज कंपनियों में से 8 ने निवेशकां को बड़ा नुकसान कराया है। आपको बता दें कि सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों में से आठ के बाजार मूल्यांकन (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह सामूहिक रूप से 3,09,244.57 करोड़ रुपये की गिरावट आई। शेयर बाजार में कमजोरी के रुख के बीच सबसे अधिक नुकसान में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) रही। समीक्षाधीन सप्ताह में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज का बाजार मूल्यांकन 1,09,211.97 करोड़ रुपये घटकर 12,60,505.51 करोड़ रुपये रह गया। इससे शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में टीसीएस दूसरे से खिसक कर तीसरे स्थान पर आ गई है। एचडीएफसी बैंक सूची में दूसरे स्थान पर है। 

इन कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट 

सप्ताह के दौरान इन्फोसिस का बाजार पूंजीकरण 52,697.93 करोड़ रुपये घटकर 7,01,002.22 करोड़ रुपये रह गया। भारती एयरटेल की बाजार हैसियत 39,230.1 करोड़ रुपये घटकर 8,94,993.67 करोड़ रुपये पर आ गई, जबकि रिलायंस इंडस्ट्रीज का मूल्यांकन 38,025.97 करोड़ रुपये घटकर 16,23,343.45 करोड़ रुपये रह गया। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का मूल्यांकन 29,718.99 करोड़ रुपये घटकर 6,14,236.97 करोड़ रुपये पर आ गया। आईसीआईसीआई बैंक का बाजार पूंजीकरण 20,775.78 करोड़ रुपये घटकर 8,49,803.90 करोड़ रुपये रहा। हिंदुस्तान यूनिलीवर की बाजार हैसियत 11,700.97 करोड़ रुपये घटकर 5,14,983.41 करोड़ रुपये रह गई। आईटीसी का मूल्यांकन 7,882.86 करोड़ रुपये घटकर 4,93,867.57 करोड़ रुपये पर आ गया। 

HDFC बैंक और बजाज फाइनेंस में रही तेजी 

इस रुख के उलट एचडीएफसी बैंक का मूल्यांकन 30,258.49 करोड़ रुपये बढ़कर 13,24,411.31 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। बजाज फाइनेंस का बाजार पूंजीकरण 9,050.24 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 5,29,516.99 करोड़ रुपये रहा। शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: एचडीएफसी बैंक, टीसीएस, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस, भारतीय स्टेट बैंक, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और आईटीसी का स्थान रहा। 

निफ्टी 1383 अंक टूटा

बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 2,112.96 अंक या 2.80 प्रतिशत टूटा। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 671.2 अंक या 2.94 प्रतिशत के नुकसान में रहा। सिर्फ फरवरी महीने में निफ्टी 1,383.7 अंक या 5.88 प्रतिशत गिरा है। वहीं इस दौरान सेंसेक्स 4,302.47 अंक या 5.55 प्रतिशत टूटा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा