1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. IPO Watch: निवेशकों के लिए पैसा लगाने का अच्छा मौका, ड्रीमफोक्स सर्विसेज का आईपीओ 24 अगस्त को खुलेगा

IPO Watch: निवेशकों के लिए पैसा लगाने का अच्छा मौका, ड्रीमफोक्स सर्विसेज का आईपीओ 24 अगस्त को खुलेगा

 Edited By: Alok Kumar
 Published : Aug 18, 2022 03:53 pm IST,  Updated : Aug 18, 2022 03:53 pm IST

IPO Watch: सौर ऊर्जा कंपनी विक्रम सोलर को आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिये धन जुटाने के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की मंजूरी मिल गई है।

IPO watch- India TV Hindi
IPO watch Image Source : FILE

IPO Watch: एयरपोर्ट सेवा एग्रीगेटर मंच ड्रीमफोक्स सर्विसेज लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) 24 अगस्त को खुलेगा। आईपीओ दस्तावेज के अनुसार, तीन दिवसीय सार्वजनिक निर्गम 26 अगस्त को बंद होगा। एंकर निवेशकों के लिए बोली 23 अगस्त को खुलेगी। आईपीओ पूरी तरह से प्रवर्तकों द्वारा बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित है। प्रवर्तक लिबर्टा पीटर कलात, दिनेश नागपाल और मुकेश यादव द्वारा 1.72 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश की जाएगी। ड्रीमफोक्स, यात्रियों के लिए एक उन्नत हवाई अड्डे के अनुभव की सुविधा उपलब्ध कराती है।

सिरमा एसजीएस को 2.27 गुना अभिदान मिला

सिरमा एसजीएस टेक्नोलॉजी के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को निर्गम के तीसरे दिन बुधवार को 2.27 गुना अभिदान मिला है। एनएसई पर जारी आंकड़ों के मुताबिक, 840 करोड़ रुपये के आईपीओ के तहत 2,85,63,816 शेयरों की पेशकश पर 6,48,39,020 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं है। गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी को 3.58 गुना अभिदान मिला जबकि खुदरा व्यक्तिगत निवेशकों (आरआईआई) की श्रेणी में आरक्षित हिस्से को 2.66 गुना अभिदान मिला है। वहीं संस्थागत निवेशकों की श्रेणी में 71 प्रतिशत अभिदान मिला है। आईपीओ के तहत 766 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए गए हैं और 33,69,360 इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) लाई गई है। निर्गम के लिए मूल्य दायरा 209-220 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।

विक्रम सोलर को आईपीओ लाने की मंजूरी मिली

सौर ऊर्जा कंपनी विक्रम सोलर को आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के जरिये धन जुटाने के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की मंजूरी मिल गई है। आईपीओ में कंपनी 1,500 करोड़ रुपये तक नए शेयर जारी करेगी। इसके अलावा शेयरधारकों द्वारा 50 लाख इक्विटी शेयरों तक की बिक्री पेशकश (ओएफएस) लाई जायेगी। बाजार नियामक सेबी ने बुधवार को बताया कि विक्रम सोलर ने मार्च में सेबी के पास शुरुआती आईपीओ दस्तावेज जमा किए थे। कंपनी को आईपीओ के लिए सेबी का ‘निष्कर्ष’ 10 अगस्त को मिला है। किसी भी कंपनी को आईपीओ लाने के लिए सेबी का ‘निष्कर्ष’ जरूरी होता है। दस्तावेजों के अनुसार, नए निर्गम से प्राप्त राशि का इस्तेमाल 2,000 मेगावॉट की सालाना उत्पादन क्षमता के साथ एक एकीकृत सौर सेल और सौर मॉड्यूल विनिर्माण सुविधा स्थापित करने के लिए किया जाएगा। कंपनी ने 31 दिसंबर, 2021 तक 32 देशों में ग्राहकों को सौर पीवी मॉड्यूल की आपूर्ति की है। कंपनी के पास दिसंबर, 2021 तक 4,870 करोड़ रुपये की ऑर्डर बुक थी। कंपनी के शेयर बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा

IPO