1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. बंपर लिस्टिंग के बाद धराशायी हुआ शेयर! हाई से 45% टूटा, क्या फंस गए निवेशक?

बंपर लिस्टिंग के बाद धराशायी हुआ शेयर! हाई से 45% टूटा, क्या फंस गए निवेशक?

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Feb 27, 2026 02:10 pm IST,  Updated : Feb 27, 2026 02:10 pm IST

शेयर बाजार में हर चमकती चीज सोना नहीं होती और एडटेक कंपनी Physics Wallah का शेयर इसकी ताजा मिसाल बन गया है। जिस स्टॉक ने नवंबर में बंपर लिस्टिंग के साथ निवेशकों को मालामाल किया था, वही अब अपने 52-वीक हाई से करीब 45% टूटकर निवेशकों की चिंता बढ़ा रहा है।

बंपर डेब्यू के बाद...- India TV Hindi
बंपर डेब्यू के बाद शेयर का बुरा हाल Image Source : CANVA

शेयर बाजार में कभी कोई स्टॉक रातों-रात निवेशकों को मालामाल कर देता है, तो कभी वही शेयर कुछ महीनों में भारी नुकसान का कारण बन जाता है। एडटेक कंपनी PhysicsWallah इसका ताजा उदाहरण बनकर सामने आई है। शानदार लिस्टिंग और शुरुआती रफ्तार के बाद अब यह शेयर अपने 52-वीक हाई से करीब 45% टूट चुका है, जिससे निवेशक खुद को फंसा हुआ महसूस कर रहे हैं।

नवंबर में आए आईपीओ के दौरान कंपनी के शेयर 103-109 रुपये के प्राइस बैंड में पेश किए गए थे। निवेशकों ने इसे हाथोंहाथ लिया और लिस्टिंग के दिन इसने जबरदस्त प्रदर्शन किया। बीएसई पर शेयर 143.10 रुपये और एनएसई पर 145 रुपये पर लिस्ट हुआ, जो अपर प्राइस बैंड से लगभग 33% ज्यादा था। लिस्टिंग के बाद भी शेयर में तेजी जारी रही और यह 161.99 रुपये के 52-वीक हाई तक पहुंच गया। उस समय इसे बाजार का नया स्टार माना जा रहा था।

अब गिरावट का सिलसिला जारी

शुरुआती जोश के बाद हालात बदल गए। गुरुवार को भी शेयर करीब 3% से ज्यादा टूटकर 88.90 रुपये तक आ गया, जो इसके आईपीओ प्राइस से भी नीचे है। लगातार गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। जो निवेशक ऊंचे स्तर पर एंट्री कर चुके थे, वे अब भारी नुकसान में हैं। बाजार में इसे लेकर यह चर्चा तेज है कि क्या यह स्टॉक ओवरवैल्यूएशन का शिकार हुआ या फिर सेक्टर से जुड़ी चुनौतियों का असर दिख रहा है।

मार्केट कैप में भी बड़ी गिरावट

शेयर की कमजोरी का असर कंपनी के मार्केट कैपिटलाइजेशन पर भी पड़ा है। लिस्टिंग के समय कंपनी का मार्केट कैप करीब 45,975 करोड़ रुपये था, जो घटकर लगभग 25,500 करोड़ रुपये रह गया है। यानी कुछ ही महीनों में हजारों करोड़ रुपये का वैल्यूएशन मिट गया।

क्या करती है कंपनी?

अलख पांडे द्वारा शुरू की गई यह कंपनी एक यूट्यूब चैनल से एडटेक प्लेटफॉर्म तक का सफर तय कर चुकी है। 2016 में शुरू हुए इस स्टार्टअप ने ऑनलाइन शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से पहचान बनाई। मार्केट एक्सपर्ट्स मानते हैं कि किसी भी आईपीओ में निवेश से पहले कंपनी के फंडामेंटल्स, वैल्यूएशन और सेक्टर की स्थिति को समझना जरूरी है। सिर्फ बंपर लिस्टिंग या शुरुआती तेजी देखकर निवेश करना जोखिम भरा हो सकता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा