1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर मार्केट में शानदार रैली, सेंसेक्स 367 अंक उछला, निफ्टी फिर 19,800 की ओर चला, IT स्टॉक्स चमके

शेयर मार्केट में शानदार रैली, सेंसेक्स 367 अंक उछला, निफ्टी फिर 19,800 की ओर चला, IT स्टॉक्स चमके

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Jul 31, 2023 03:39 pm IST,  Updated : Jul 31, 2023 04:43 pm IST

बीएसई सेंसेक्स 367.47 अंक उछलकर 66,527.67 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई निफ्टी 107.75 अंक की तेजी के साथ 19,753.80 अंक पर बंद हुआ।

Stock Market - India TV Hindi
शेयर मार्केट Image Source : PTI

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में शानदार रैली देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में सुस्त शुरुआत के बाद आखिरी घंटे के ट्रेडिंग सेशन में बाजार में जबरदस्त खरीदारी लौटने से सेंसेक्स और निफ्टी में बड़ी तेजी के साथ बंद होने में कामयाब रहें। कारोबार बंद होने पर बीएसई सेंसेक्स 367.47 अंक उछलकर 66,527.67 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई निफ्टी 107.75 अंक की तेजी के साथ 19,753.80 अंक पर बंद हुआ। आज के बाजार में पावर और आईटी कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। इसके दम पर बाजार हरे निशान में बंद हुआ। आईटी शेयरों की बात करें तो टेक महिंद्रा, टीसीएस, इन्फोसिस, विप्रो, एचसीएल टेक समेत अ​धिकांश आईटी स्टॉक्स में 2 से 3 फीसदी की तेजी देखने को मिली।

दो दिन की गिरावट से बाजार ने अपने को उबारा

दोनों शेयर बाजारों ने इस तेजी के साथ पिछले सप्ताह लगातार दो कारोबारी दिवसों में रही गिरावट से खुद को उबार लिया। सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से एनटीपीसी का शेयर सकारात्मक तिमाही नतीजों के दम पर करीब चार प्रतिशत तक उछल गया। इसके अलावा पावर ग्रिड, टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, टीसीएस, विप्रो, मारुति सुजुकी और जेएसडब्ल्यू स्टील के शेयरों में तेजी का दौर रहा। दूसरी तरफ, बजाज फाइनेंस, कोटक महिंद्रा बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी, भारती एयरटेल और एशियन पेंट्स के शेयरों में प्रमुख रूप से गिरावट रही। 

वैश्विक रुझानों के अनुरूप भारतीय बाजारों में तेजी 

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "वैश्विक रुझानों के अनुरूप भारतीय शेयर बाजारों में भी तेजी का रुख देखने को मिला। दुनिया भर में मुद्रास्फीति में नरमी आने से ब्याज दरों में तेजी का दौर थमने की उम्मीदें बढ़ी हैं।" एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजारों में मिला-जुला कारोबार देखा जा रहा था। गत शुक्रवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए थे। इस बीच अंतरारष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.25 प्रतिशत चढ़कर 85.20 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को घरेलू बाजारों से 1,023.91 करोड़ रुपये की निकासी की थी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा