1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Reliance और HDFC Bank ने निवेशकों को कराया सबसे अधिक नुकसान, TCS-Infosys के निवेशकों को लंबे समय बाद मुनाफा

Reliance और HDFC Bank ने निवेशकों को कराया सबसे अधिक नुकसान, TCS-Infosys के निवेशकों को लंबे समय बाद मुनाफा

 Edited By: Alok Kumar
 Published : Oct 02, 2022 11:57 am IST,  Updated : Oct 02, 2022 11:57 am IST

बाजार पूंजीकरण में इस उतार-चढ़ाव के बावजूद रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है।

Reliance-TCS - India TV Hindi
Reliance-TCS Image Source : FILE

देश की शीर्ष 10 मूल्यवान कंपनियों में से सात कंपनियों का सम्मिलित बाजार मूल्यांकन पिछले हफ्ते शेयर बाजारों में काफी हद तक गिरावट का रुख रहने से 1,16,053.13 करोड़ रुपये घट गया और सर्वाधिक नुकसान रिलायंस इंडस्ट्रीज को उठाना पड़ा। बीते सप्ताह में बीएसई के मानक सूचकांक सेंसेक्स में 672 अंक यानी 1.15 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। सर्वाधिक मूल्यांकन रखने वाली शीर्ष 10 कंपनियों में से पिछले सप्ताह रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसी बैंक, एसबीआई, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस और एचडीएफसी नुकसान में रहीं। वहीं टीसीएस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और इंफोसिस के लिए यह हफ्ता बाजार मूल्यांकन के हिसाब से फायदेमंद साबित हुआ।

रिलायंस इंडस्ट्रीज को 41,706 करोड़ का नुकसान

सर्वाधिक मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज को इस हफ्ते अपने बाजार मूल्यांकन में 41,706.05 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। सप्ताह के अंत में उसका बाजार पूंजीकरण 16,08,601.05 करोड़ रुपये पर आ गया। वहीं एसबीआई का मूल्यांकन 17,313.74 करोड़ रुपये घटकर 4,73,941.51 करोड़ रुपये रह गया। निजी क्षेत्र के आईसीआईसीआई बैंक का मूल्यांकन 13,806.39 करोड़ रुपये गिरकर 6,01,156.60 करोड़ रुपये पर आ गया। इसी तरह एचडीएफसी बैंक के मूल्यांकन में 13,423.6 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 7,92,270.97 करोड़ रुपये रह गया। इस दौरान आवासीय वित्त कंपनी एचडीएफसी लिमिटेड का मूल्यांकन 10,830.97 करोड़ रुपये गिरकर 4,16,077.03 करोड़ रुपये पर आ गया। वहीं बजाज फाइनेंस का मूल्यांकन 10,240.83 करोड़ रुपये घटकर 4,44,236.73 करोड़ रुपये हो गया। भारती एयरटेल के मूल्यांकन में भी बीते हफ्ते 8,731.55 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई और यह 4,44,919.45 करोड़ रुपये रहा।

इंफोसिस के मूल्यांकन में 20,144 करोड़ की बढ़त

हालांकि इंफोसिस के मूल्यांकन में इस सप्ताह 20,144.57 करोड़ रुपये की बढ़त रही और यह कुल 5,94,608.11 करोड़ रुपये हो गया। सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की एक अन्य कंपनी टीसीएस का भी मूल्यांकन 7,976.74 करोड़ रुपये की वृद्धि के साथ 10,99,398.58 करोड़ रुपये हो गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर (एचयूएल) का बाजार पूंजीकरण बीते सप्ताह 4,123.53 करोड़ रुपये बढ़कर 6,33,649.52 करोड़ रुपये हो गया।

रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे मूल्यवान कंपनी

बाजार पूंजीकरण में इस उतार-चढ़ाव के बावजूद रिलायंस इंडस्ट्रीज देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है। उसके बाद क्रमशः टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, एचयूएल, आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस, एसबीआई, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस और एचडीएफसी का स्थान आता है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा