1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Stock Makret: शेयर बाजार का शानदार बाउंस बैक, सेंसेक्स 1,329 अंक उछल कर हुआ बंद

Stock Makret: शेयर बाजार का शानदार बाउंस बैक, सेंसेक्स 1,329 अंक उछल कर हुआ बंद

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Feb 25, 2022 05:14 pm IST,  Updated : Feb 25, 2022 05:14 pm IST

बीएसई सेंसेक्स 1,328.61 यानी 2.44 प्रतिशत उछलकर 55,858.52 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी 410.45 अंक यानी 2.53 प्रतिशत की तेजी के साथ 16,658.40 अंक पर बंद

Sensex, Nifty - India TV Hindi
Sensex, Nifty  Image Source : AP

मुंबई। घरेलू शेयर बाजारों में सात दिन की गिरावट के बाद शुक्रवार को तेजी लौटी। दोनों मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी 2.5 प्रतिशत तक बढ़त में रहे। यूक्रेन पर हमले को लेकर रूस पर अमेरिका तथा उसके सहयोगी देशों की तरफ से लगायी गयी कड़ी पाबंदियों के साथ वैश्विक बाजारों में आयी तेजी का सकारात्मक असर घरेलू बाजार पर पड़ा। यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद बृहस्पतिवार को शेयर बाजार में एक दिन में दो साल की सबसे बड़ी गिरावट आयी थी।

बीएसई सेंसेक्स 1,328.61 यानी 2.44 प्रतिशत उछलकर 55,858.52 अंक पर बंद हुआ। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 410.45 अंक यानी 2.53 प्रतिशत की तेजी के साथ 16,658.40 अंक पर बंद हुआ। एचयूएल और नेस्ले को छोड़कर सेंसेक्स के सभी शेयर लाभ में रहे। टाटा स्टील, इंडसइंड बैंक, बजाज फाइनेंस, एनटीपीसी और टेक महिंद्रा में 6.54 प्रतिशत तक की तेजी रही। बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 2,700 अंक से अधिक लुढ़क गया था।

दो साल में किसी एक दिन की यह सबसे बड़ी गिरावट थी। निफ्टी में भी 815 अंक की भारी गिरावट आयी थी। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार यूक्रेन संकट के बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बृहस्पतिवार को 6,448.24 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। रूस पर पाबंदियों की घोषणा के बाद अमेरिकी शेयर बाजार में तेजी के साथ एशिया के अन्य प्रमुख बाजारों में भी मजबूती आयी।

इस बीच, अमेरिका, यूरोपीय संघ और जापान से यूक्रेन की मदद का संकल्प जताया है। साथ ही रूस पर और आर्थिक तथा वित्तीय पाबंदिया लगाने पर सहमति जतायी है। उधर, ब्रेंट क्रूड वायदा 0.67 प्रतिशत बढ़कर 100.80 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गयी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा