1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. हफ्ते के आखिरी दिन क्रैश हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स में 1017 और निफ्टी में 292 अंकों की भारी गिरावट

हफ्ते के आखिरी दिन क्रैश हुआ शेयर बाजार, सेंसेक्स में 1017 और निफ्टी में 292 अंकों की भारी गिरावट

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Sep 06, 2024 04:14 pm IST,  Updated : Sep 06, 2024 04:23 pm IST

बीएसई सेंसेक्स 1017.23 अंकों की गिरावट के साथ 81,183.93 अंकों पर बंद हुआ जबकि निफ्टी 50 भी 292.95 अंकों के नुकसान के साथ 24,852.15 अंकों पर बंद हुआ। आज लगातार तीसरा दिन था, जब बाजार में गिरावट दर्ज की गई है।

शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई- India TV Hindi
शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई Image Source : AP

Share Market Closing 6th Sep, 2024: हफ्ते के आखिरी दिन शेयर बाजार में भारी-भरकम गिरावट देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स 1017.23 अंकों की गिरावट के साथ 81,183.93 अंकों पर बंद हुआ जबकि निफ्टी 50 भी 292.95 अंकों के नुकसान के साथ 24,852.15 अंकों पर बंद हुआ। आज लगातार तीसरा दिन था, जब बाजार में गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को सेंसेक्स 151 और निफ्टी 53 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुए थे। जबकि बुधवार को सेंसेक्स में 202 अंक और निफ्टी में 81 अंकों की गिरावट दर्ज की गई थी। मंगलवार को घरेलू शेयर बाजार बिल्कुल सपाट रहे थे।

निफ्टी की 50 में से 42 कंपनियों के शेयरों में गिरावट

शुक्रवार को सेंसेक्स की 30 में से 26 कंपनियों के शेयर नुकसान के साथ लाल निशान में बंद हुए जबकि सिर्फ 4 कंपनियों के शेयर ही हरे निशान में बंद हुए। इसी तरह, निफ्टी 50 की कुल 50 कंपनियों में से 42 कंपनियों के शेयर लाल निशान में बंद हुए और सिर्फ 8 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए।

स्टेट बैंक के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट

आज सेंसेक्स की कंपनियों में भारतीय स्टेट बैंक के शेयरों में सबसे ज्यादा 4.40 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुए। इसके अलावा, आईसीआईसीआई बैंक के शेयर 2.09 प्रतिशत, एनटीपीसी के शेयर 2.08 प्रतिशत, एचसीएल टेक के शेयर 1.95 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 1.92 प्रतिशत, टाटा मोटर्स के शेयर 1.87 प्रतिशत, आईटीसी के शेयर 1.86 प्रतिशत, एक्सिस बैंक के शेयर 1.83 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स के शेयर 1.60 प्रतिशत, इंफोसिस के शेयर 1.59 प्रतिशत, लार्सन एंड टुब्रो के शेयर 1.36 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर 1.21 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ बंद हुए। इनके साथ ही आज मारुति सुजुकी, अल्ट्राटेक सीमेंट, इंडसइंड बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, टाइटन, भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, बजाज फिनसर्व, टीसीएस, टाटा स्टील, पावरग्रिड, टेक महिंद्रा, नेस्ले इंडिया और सनफार्मा के शेयरों में भी गिरावट दर्ज की गई।

सेंसेक्स की सिर्फ 4 कंपनियों के शेयर हरे निशान में हुए बंद

सेंसेक्स की कंपनियों में शामिल एशियन पेंट्स के शेयर इस भारी गिरावट के बीच भी सबसे ज्यादा 1.13 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुए। बजाज फाइनेंस के शेयर 1.03 प्रतिशत, जेएसडब्लू के शेयर 0.79 प्रतिशत और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर 0.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा