1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Share Market में लगातार दूसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 413 अंक टूटकर 60,000 से नीचे फिसला

Share Market में लगातार दूसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 413 अंक टूटकर 60,000 से नीचे फिसला

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Sep 15, 2022 04:56 pm IST,  Updated : Sep 15, 2022 04:56 pm IST

Share Market: सेंसेक्स के शेयरों में टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, टाटा स्टील, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक और इंडसइंड बैंक प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।

Share Market - India TV Hindi
Share Market Image Source : PTI

Highlights

  • 59,934.01 अंक पर बंद हुआ बीएसई सेंसेक्स
  • 17,877.40 अंक पर बंद हुआ नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी
  • रुपया 21 पैसे की गिरावट के साथ 79.73 प्रति डॉलर पर बंद हुआ

Share Market में बृहस्पतिवार लगातार दूसरे दिन गिरावट का सिलसिला कायम रहा और बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 413 अंक टूटकर 60,000 अंक से नीचे आ गया। वैश्विक अर्थव्यवस्था में मंदी की आशंका के बीच सूचना प्रौद्योगिकी और दवा कंपनियों के शेयरों में बिकवाली से बाजार नीचे आया। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में मजबूती के साथ खुला और 60,676.12 अंक तक गया। हालांकि, शुरुआती बढ़त गंवाने के बाद यह 412.96 अंक या 0.68 प्रतिशत लुढ़ककर 59,934.01 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 126.35 अंक यानी 0.7 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17,877.40 अंक पर बंद हुआ।

इन कंपनियों के शेयरों में बिकवाली

सेंसेक्स के शेयरों में टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, टाटा स्टील, बजाज फिनसर्व, एक्सिस बैंक और इंडसइंड बैंक प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी तरफ मारुति, पावर ग्रिड, एनटीपीसी, एचडीएफसी, भारती एयरटेल, लार्सन एंड टुब्रो और भारतीय स्टेट बैंक लाभ में रहे। एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की, हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी नुकसान में रहे। वहीं, अमेरिकी शेयर बाजार बुधवार को मजबूती के साथ बंद हुए। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘आईटी और फार्मा शेयरों में बिकवाली से वैश्विक बाजारों की सकारात्मक प्रवृत्ति को दरकिनार करते हुए घरेलू बाजारों ने अपने शुरुआती लाभ को गंवा दिया। वहीं मिडकैप और स्मॉलकैप ने बेहतर प्रदर्शन किया।’’ इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.04 प्रतिशत गिरकर 94.06 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 1,397.51 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

रुपया 21 पैसे की गिरावट के साथ 79.73 प्रति डॉलर पर

घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी के रुख और डॉलर के मजबूत होने के कारण अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में बृहस्पतिवार को रुपया 21 पैसे की गिरावट के साथ 79.73 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 79.53 पर खुला। दिन के कारोबार में यह 79.44 और 79.73 के दायरे में घूमने के बाद अंत में डॉलर के मुकाबले 21 पैसे की गिरावट के साथ 79.73 पर बंद हुआ। पिछले कारोबारी सत्र में रुपया 79.52 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.09 प्रतिशत गिरकर 109.56 रह गया। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 0.96 प्रतिशत घटकर 93.20 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 412.96 अंक की गिरावट के साथ 59,934.01 अंक पर बंद हुआ।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा