1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार में भयावह गिरावट, सेंसेक्स 1150 और निफ्टी 284 अंक टूटा

शेयर बाजार में भयावह गिरावट, सेंसेक्स 1150 और निफ्टी 284 अंक टूटा

 Written By: Sunil Chaurasia
 Published : Apr 01, 2025 09:26 am IST,  Updated : Apr 01, 2025 11:12 am IST

आज बीएसई सेंसेक्स 532.34 अंकों की गिरावट के साथ 76,882.58 अंकों पर खुला। वहीं दूसरी ओर, एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स भी 178.25 अंकों की गिरावट के साथ 23,341.10 अंकों पर खुला।

bse, nse, nifty, nifty 50, sensex, share market, stock market, powergrid, ntpc, indusind bank, infos- India TV Hindi
वित्त वर्ष के पहले दिन लाल निशान में खुला शेयर बाजार Image Source : PTI

Share Market Opening 1st April, 2025: शेयर बाजार में मंगलवार को भयावह गिरावट देखने को मिल रही है। आज सुबह 11.10 बजे बीएसई सेंसेक्स 1174.84 अंकों की गिरावट के साथ 76,240.08 अंकों पर और एनएसई निफ्टी 50 290.50 अंकों की गिरावट के साथ 23,228.85 अंकों पर कारोबार कर रहा था। बताते चलें कि भारतीय शेयर बाजार के नए वित्त वर्ष की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मंगलवार, 1 अप्रैल को वित्त वर्ष 2025-26 के पहले दिन बाजार ने बड़ी गिरावट के साथ कारोबार शुरू किया। आज बीएसई सेंसेक्स 532.34 अंकों की गिरावट के साथ 76,882.58 अंकों पर खुला। वहीं दूसरी ओर, एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स भी 178.25 अंकों की गिरावट के साथ 23,341.10 अंकों पर खुला। बताते चलें कि पिछले हफ्ते शुक्रवार को वित्त वर्ष 2024-25 के आखिरी कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 191.51 अंकों (0.25%) के नुकसान के साथ 77,414.92 अंकों पर और निफ्टी 72.60 अंकों (0.31%) की गिरावट के साथ 23,519.35 अंकों पर बंद हुआ था। 

सेंसेक्स की 30 में से 20 कंपनियों के शेयर लाल निशान में

आज सुबह 9.16 बजे सेंसेक्स की 30 में से सिर्फ 10 कंपनियों के शेयर ही बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे थे और बाकी की सभी 20 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार करते हुए नजर आए। वहीं दूसरी ओर, सुबह 9.28 बजे निफ्टी 50 की 50 में से 26 कंपनियों के शेयर बढ़त नुकसान के साथ हरे निशान में कारोबार करते हुए दिखाई दिए तो 24 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में ट्रेड कर रहे थे। मंगलवार को वित्त वर्ष 2025-26 के पहले दिन सेंसेक्स की कंपनियों में शामिल पावरग्रिड के शेयर सबसे ज्यादा 1.58 प्रतिशत की तेजी और इंफोसिस के शेयर सबसे ज्यादा 2.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते दिखे।

इन शेयरों में भी दिखा बड़ा उतार-चढ़ाव

इनके अलावा, आज एनटीपीसी के शेयर 1.03 प्रतिशत, इंडसइंड बैंक 0.95 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 0.71 प्रतिशत, नेस्ले इंडिया 0.58 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स 0.28 प्रतिशत, भारतीय स्टेट बैंक 0.23 प्रतिशत, जोमैटो 0.17 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 0.11 प्रतिशत और एशियन पेंट्स के शेयर 0.03 प्रतिशत की शुरुआती बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। उधर, एचडीएफसी बैंक के शेयर 1.33 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 1.20 प्रतिशत, एचसीएल टेक 1.11 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 1.09 प्रतिशत, टीसीएस 1.04 प्रतिशत, सनफार्मा 1.00 प्रतिशत और मारुति सुजुकी 0.61 प्रतिशत की गिरावट के साथ ट्रेड कर रहे थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा