1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Share Market में लगातार छठे दिन तेजी, सेंसेक्स 214 अंक और मजबूत

Share Market में लगातार छठे दिन तेजी, सेंसेक्स 214 अंक और मजबूत

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Aug 03, 2022 05:13 pm IST,  Updated : Aug 03, 2022 05:13 pm IST

Share market: सेंसेक्स के शेयरों में टेक महिंद्रा, टीसीएस, इन्फोसिस, टाइटन, एशियन पेंट्स, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल और रिलायंस इंडस्ट्रीज प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

Share Market - India TV Hindi
Share Market Image Source : PTI

Share Market में बुधवार को लगातार छठे दिन तेजी रही और कारोबार समाप्त होने के पहले लिवाली बढ़ने से बीएसई सेंसेक्स में 214 अंक से अधिक की तेजी आई। दुनिया के ज्यादातर प्रमुख बाजारों में सकारात्मक रुख के साथ विदेशी संस्थागत निवेशकों के लगातार पूंजी प्रवाह से बाजार में मजबूती आई। सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में लिवाली से बाजार को गति मिली। उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 214.17 अंक यानी 0.37 प्रतिशत की बढ़त के साथ 58,350.53 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 58,415.63 अंक तक गया और नीचे में 57,788.78 अंक तक आया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 42.70 अंक यानी 0.25 प्रतिशत की तेजी के साथ 17,388.15 अंक पर बंद हुआ।

इन कंपनियों के शेयरों में रही तेजी

सेंसेक्स के शेयरों में टेक महिंद्रा, टीसीएस, इन्फोसिस, टाइटन, एशियन पेंट्स, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल और रिलायंस इंडस्ट्रीज प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में मारुति सुजुकी, सन फार्मा, कोटक महिंद्रा बैंक, इंडसइंड बैंक और बजाज फाइनेंस शामिल हैं। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में रहे, जबकि चीन के शंघाई कंपोजिट में गिरावट रही। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी का रुख था। अमेरिकी बाजार मंगलवार को नुकसान में रहा।

कच्चे तेल में गिरावट जारी

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.91 प्रतिशत की गिरावट के साथ 99.63 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहे। उन्होंने मंगलवार को 825.18 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। वहीं, अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 63 पैसे की भारी गिरावट के साथ 79.16 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा