1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Stock Market: रिलायंस की गिरावट ले डूबी बाजार, सेंसेक्स 617 अंक लुढ़का, 2 दिन में निवेशकों के 6.5 लाख करोड़ डूबे

Stock Market: रिलायंस की गिरावट ले डूबी बाजार, सेंसेक्स 617 अंक लुढ़का, 2 दिन में निवेशकों के 6.5 लाख करोड़ डूबे

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Apr 25, 2022 04:49 pm IST,  Updated : Apr 25, 2022 07:21 pm IST

सेंसेक्स के तीस शेयरों में से टाटा स्टील, टेक महिंद्रा, एनटीपीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाइटन, आईटीसी, लार्सन एंड टुब्रो और सन फार्मा प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।

Stock Market- India TV Hindi
Stock Market Image Source : FILE

मुंबई। शेयर बाजार में सोमवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 617.26 अंक का गोता लगाकर बंद हुआ। वैश्विक स्तर पर गिरावट के बीच सूचकांक में मजबूत हिस्सेदारी रखने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज में बिकवाली के साथ बाजार नीचे आया। 

वैश्विक संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बाजार से निकासी जारी रहने से भी बाजार के सेंटिमेंट प्रभावित हुए। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 617.26 अंक यानी 1.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ 56,579.89 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 840.28 अंक तक नीचे आ गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 218 अंक यानी 1.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 16,953.95 अंक पर बंद हुआ। 

2 दिन में निवेशकों के 6.5 लाख करोड़ डूबे

शेयर बाजार में दो दिनों की गिरावट से निवेशकों को 6,47,484.72 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। इससे बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण घटकर 2,65,29,671.65 करोड़ रुपये पर आ गया। 

इन शेयरों में हुआ नुकसान 

सेंसेक्स के तीस शेयरों में से टाटा स्टील, टेक महिंद्रा, एनटीपीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टाइटन, आईटीसी, लार्सन एंड टुब्रो और सन फार्मा प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी तरफ एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी, कोटक महिंद्रा बैंक, नेस्ले, मारुति सुजुकी और भारती एयरटेल लाभ में रहे। 

विदेशी बाजारों में भी गिरावट

एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की, हांगकांग का हैंगसेंग, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई कंपोजिट नुकसान में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी दोपहर कारोबार के दौरान गिरावट का रुख रहा। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 4.44 प्रतिशत की गिरावट के साथ 101.92 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार में उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 2,461.72 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा