1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार में लौटी हरियाली! सेंसेक्स 900 अंक ऊपर बंद, निफ्टी में 1.2% की मजबूत बढ़त

शेयर बाजार में लौटी हरियाली! सेंसेक्स 900 अंक ऊपर बंद, निफ्टी में 1.2% की मजबूत बढ़त

 Edited By: Shivendra Singh
 Published : Mar 05, 2026 03:59 pm IST,  Updated : Mar 05, 2026 03:59 pm IST

गुरुवार को शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली। निवेशकों की मजबूत खरीदारी और ग्लोबल बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के चलते बाजार हरे निशान में बंद हुआ। दिनभर के उतार-चढ़ाव के बाद सेंसेक्स करीब 900 अंक उछलकर बंद हुआ, जबकि निफ्टी में भी 1.2 फीसदी से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई।

शेयर बाजार में उछाल- India TV Hindi
शेयर बाजार में उछाल Image Source : ANI

कई दिनों से गिरावट चाल के बाद गुरुवार को शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली। निवेशकों की खरीदारी और सकारात्मक वैश्विक संकेतों के चलते बाजार में फिर से हरियाली लौट आई। सेंसेक्स वीकली एक्सपायरी के दिन बाजार ने दमदार प्रदर्शन किया और दोनों प्रमुख इंडेक्स अच्छी बढ़त के साथ बंद हुए। खास बात यह रही कि आईटी को छोड़कर लगभग सभी सेक्टरों में खरीदारी का माहौल रहा।

कारोबार के अंत में सेंसेक्स 899.71 अंक यानी 1.14 फीसदी की तेजी के साथ 80,015.90 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 285.40 अंक यानी 1.17 फीसदी चढ़कर 24,765.90 के स्तर पर बंद हुआ। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स करीब 0.5 फीसदी तक चढ़े। बाजार में कुल 2,302 शेयरों में तेजी रही, जबकि 1,325 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।

इन शेयरों ने दिलाई तेजी

बाजार की तेजी में बड़े दिग्गज शेयरों का अहम योगदान रहा। रिलायंस इंडस्ट्रीज, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और एचडीएफसी बैंक जैसे हैवीवेट शेयरों में 3 फीसदी तक की बढ़त देखने को मिली। वहीं दूसरी ओर कुछ एफएमसीजी शेयरों में हल्की कमजोरी रही। टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और नेस्ले इंडिया जैसे शेयर करीब 1 फीसदी तक फिसले।

इन सेक्टरों में दिखी सबसे ज्यादा खरीदारी

सेक्टर के हिसाब से देखें तो मेटल, पीएसयू, एनर्जी, ऑटो और ऑयल-गैस शेयरों में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। फार्मा और रियल्टी सेक्टर भी बढ़त के साथ बंद हुए। हालांकि आईटी और एफएमसीजी इंडेक्स में हल्की कमजोरी रही। इसके अलावा रुपया भी मजबूत हुआ और डॉलर के मुकाबले 55 पैसे चढ़कर 91.60 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।

बाजार में तेजी के पीछे क्या वजह?

बाजार में आई इस तेजी के पीछे कई कारण रहे। पहला कारण ईरान की ओर से नरम रुख सामने आना है। खबरों के मुताबिक, ईरान ने संकेत दिए हैं कि अगर अमेरिका बेहतर प्रस्ताव देता है तो वह अपने परमाणु कार्यक्रम को छोड़ने पर विचार कर सकता है। इससे वैश्विक बाजारों में तनाव थोड़ा कम हुआ है। दूसरा बड़ा कारण हालिया गिरावट के बाद वैल्यू बायिंग रहा। निवेशकों ने रियल्टी, मेटल, ऑयल-गैस और ऑटो सेक्टर के शेयरों को निचले स्तर पर खरीदा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा