1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार में तेजी जारी, चार दिन में सेंसेक्स 1000 अंक उछलकर 66 हजार के और करीब पहुंचा

शेयर बाजार में तेजी जारी, चार दिन में सेंसेक्स 1000 अंक उछलकर 66 हजार के और करीब पहुंचा

 Edited By: Alok Kumar @alocksone
 Published : Sep 06, 2023 03:49 pm IST,  Updated : Sep 06, 2023 04:24 pm IST

आज उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 100.26 अंकों की तेजी के साथ 65,880.52 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई निफ्टी 36.15 अंकों की तेजी के साथ 19,611.05 अंक पर बंद हुआ।

शेयर बाजार- India TV Hindi
शेयर बाजार Image Source : PTI

भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को लगातार चौथे दिन तेजी देखने को मिली। शुक्रवार से जारी तेजी आज भी जारी रही। इस दौरान सेंसेक्स में 1000 अंकों से अधिक की तेजी आ चुकी है। 1 सितंबर यानी शुक्रवार को सेंसेक्स 64,855.51 अंक पर खुला था। वहीं, आज 65,880.52 अंक पर बंद हुआ। इस तरह सेंसेक्स बीते चार कारोबारी सेशन में 1025.01 अंक उछल गया है। आपको बता दें कि आज उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 100.26 अंकों की तेजी के साथ 65,880.52 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई निफ्टी 36.15 अंकों की तेजी के साथ 19,611.05 अंक पर बंद हुआ। बाजार में तेजी जारी रहने से निवेशकों की बंपर कमाई हो रही है।  

सेंसेक्स की इन कंपनियों में तेजी

सेंसेक्स की कंपनियों में भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक, टाइटन, आईटीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, सन फार्मा, बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और कोटक महिंद्रा बैंक प्रमुख रूप से बढ़त में रहे। दूसरी तरफ टाटा स्टील, एक्सिस बैंक, इंडसइंड बैंक, एनटीपीसी और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर नीचे आए। एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि दक्षिण कोरिया के कॉस्पी में गिरावट रही। यूरोप के अधिकांश बाजार गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। 

विदेशी निवेशकों ने की बिकवाली 

मंगलवार को अमेरिकी बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए थे। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.70 प्रतिशत गिरकर 89.41 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। सऊदी अरब एवं रूस द्वारा कच्चे तेल उत्पादन में कटौती को साल के अंत तक जारी रखने के फैसले से यह दस महीनों में पहली बार 90 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया था। भारतीय बाजारों में तेजी के बीच विदेशी संस्थागत निवेशकों ने पूंजी की निकासी जारी रखी है। शेयर बाजारों से मिले आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने मंगलवार को 1,725.11 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा