1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. सपाट बंद हुआ घरेलू शेयर बाजार, सेंसेक्स 84,233 के लेवल पर बंद, निफ्टी में मामूली बढ़त, ये प्रमुख स्टॉक्स मजबूत

सपाट बंद हुआ घरेलू शेयर बाजार, सेंसेक्स 84,233 के लेवल पर बंद, निफ्टी में मामूली बढ़त, ये प्रमुख स्टॉक्स मजबूत

 Edited By: Sourabha Suman
 Published : Feb 11, 2026 03:50 pm IST,  Updated : Feb 11, 2026 04:48 pm IST

शेयर बाजार में आज कुल मिलाकर सेक्टर-विशेष गतिविधि देखने को मिली, जहां ऑटो और बैंकिंग शेयरों में मजबूती रही, जबकि आईटी शेयरों में कमजोरी बनी रही।

मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांक सपाट स्तर पर बंद हुए।- India TV Hindi
मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांक सपाट स्तर पर बंद हुए। Image Source : PTI

घरेलू शेयर बाजार बुधवार को कारोबारी सत्र के आखिर में सपाट बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 40.28 अंक की गिरावट के साथ 84,233.64 के लेवल पर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी भी 18.7 अंक की मामूली बढ़त के साथ 25,953.85 के लेवल पर बंद हुआ। सत्र के आखिर में निफ्टी पर प्रमुख बढ़त दर्ज करने वाले शेयरों में आइशर मोटर्स, अपोलो हॉस्पिटल्स, मैक्स हेल्थकेयर, एसबीआई और मारुति सुजुकी शामिल रहे। इन शेयरों में खरीदारी के चलते बाजार को मजबूती मिली। वहीं दूसरी ओर, कोल इंडिया, टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इटरनल और इंफोसिस जैसे शेयरों में गिरावट देखी गई, जिससे आईटी सेक्टर पर दबाव बना रहा।

ऑटो इंडेक्स में 1.3% की जोरदार बढ़त 

मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांक सपाट स्तर पर बंद हुए, जो बाजार में मिलेजुले रुख का संकेत देता है। सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो ऑटो इंडेक्स में 1.3% की जोरदार बढ़त दर्ज की गई। पीएसयू बैंक इंडेक्स 1% चढ़ा, जबकि कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स में 0.6% की तेजी रही। इसके विपरीत, आईटी इंडेक्स में 1.7% की गिरावट दर्ज की गई।

बीएसई सेंसेक्स में शामिल कंपनियों का बुधवार को प्रदर्शन।
Image Source : BSEबीएसई सेंसेक्स में शामिल कंपनियों का बुधवार को प्रदर्शन।

क्या कहते हैं एक्सपर्ट

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा कि अमेरिका-इंडिया ट्रेड डील की वजह से इस हफ्ते की जबरदस्त तेजी के बाद घरेलू शेयर बाजार थोड़े समय के लिए कंसोलिडेशन फेज में जा सकते हैं। मार्केट का ध्यान फिर से मिले-जुले Q3 नतीजों, आने वाले महीने के महंगाई के आंकड़ों और ट्रेड एग्रीमेंट की छोटी-छोटी बातों पर आ गया है, जो कथित तौर पर फ़ाइनल होने वाला है।

रुपया 14 पैसे फिसला, 90.70 प्रति डॉलर पर बंद

बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 14 पैसे कमजोर होकर 90.70 (प्रावधिक) के स्तर पर बंद हुआ। आयातकों की ओर से डॉलर की मांग और बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण रुपये पर दबाव देखा गया। फॉरेक्स कारोबारियों के मुताबिक, भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के चलते रुपये में हल्का नकारात्मक रुख बना हुआ है। आयातकों की डॉलर मांग भी स्थानीय मुद्रा पर दबाव बढ़ा सकती है। हालांकि, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) की ओर से आने वाली पूंजी निचले स्तरों पर रुपये को सहारा दे सकती है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 90.56 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान इसने 90.75 का निचला और 90.46 का उच्च स्तर छुआ। अंत में रुपया 90.70 पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 14 पैसे की गिरावट दर्शाता है। मंगलवार को रुपया शुरुआती गिरावट से उबरते हुए 10 पैसे की मजबूती के साथ 90.56 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।