1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. स्टॉक मार्केट रिकॉर्ड हाई पर लेकिन HDFC, SBI समेत इस बैंक ने कराया नुकसान, TCS के निवेशकों की बल्ले-बल्ले

स्टॉक मार्केट रिकॉर्ड हाई पर लेकिन HDFC, SBI समेत इस बैंक ने कराया नुकसान, TCS के निवेशकों की बल्ले-बल्ले

 Edited By: Alok Kumar
 Published : Jul 14, 2024 10:44 am IST,  Updated : Jul 14, 2024 10:44 am IST

सबसे अधिक लाभ में सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) रही। पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 522.74 अंक या 0.65 प्रतिशत के लाभ में रहा। सेंसेक्स शुक्रवार को 622 अंक या 0.78 प्रतिशत उछलकर 80,519.34 के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ था।

Stock Market - India TV Hindi
स्टॉक मार्केट Image Source : FILE

आम बजट से पहले शेयर बाजार में शानदार तेजी जारी है। बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 622 अंक चढ़कर 80,519.34 अंक पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 186.20 अंकों की तेजी के साथ 24,502.15 अंक पर पहुंच गया। हालांकि, इस तेजी में भी कई बड़ी कंपनियों ने अपने निवेशकों को नुक​सान कराया है। आपको बता दें कि बीते हफ्ते सेंसेक्स की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से सात के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) सामूहिक रूप से 1,72,225.62 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ। इसके बावजूद HDFC, SBI और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर में निवेश करने वाले निवेशकों को नुकसान उठाना पड़ा। 

एचडीएफसी बैंक का मार्केट कैप 18,069 करोड़ घटा

एचडीएफसी बैंक का मूल्यांकन 18,069.29 करोड़ रुपये घटकर 12,35,825.35 करोड़ रुपये रह गया। भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का बाजार मूल्यांकन 356.99 करोड़ रुपये घटकर 7,67,204.26 करोड़ रुपये पर आ गया। आईसीआईसीआई बैंक का बाजार पूंजीकरण 210.5 करोड़ रुपये घटकर 8,67,668.16 करोड़ रुपये रह गया। 

टीसीएस ने निवेशकों को बंपर कमाई कराई 

सबसे अधिक लाभ में सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) रही। पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 522.74 अंक या 0.65 प्रतिशत के लाभ में रहा। सेंसेक्स शुक्रवार को 622 अंक या 0.78 प्रतिशत उछलकर 80,519.34 के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ था। दिन में कारोबार के दौरान दौरान यह 996.17 अंक या 1.24 प्रतिशत बढ़कर 80,893.51 अंक के अपने सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंचा था। समीक्षाधीन सप्ताह में टीसीएस का बाजार पूंजीकरण 62,393.92 करोड़ रुपये बढ़कर 15,14,133.45 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। देश की सबसे बड़ी आईटी सेवा कंपनी टीसीएस का जून तिमाही का शुद्ध लाभ 8.7 प्रतिशत बढ़कर 12,040 करोड़ रुपये रहा है। इसके बाद शुक्रवार को टीसीएस का शेयर लगभग सात प्रतिशत चढ़ गया। 

रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में भी उछाल 

बीते सप्ताह आईटीसी का बाजार मूल्यांकन 31,858.83 करोड़ रुपये बढ़कर 5,73,258.78 करोड़ रुपये हो गया। इन्फोसिस की बाजार हैसियत 26,905.14 करोड़ रुपये बढ़कर 7,10,827.27 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जबकि भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का मूल्यांकन 22,422.12 करोड़ रुपये बढ़कर 6,64,947.01 करोड़ रुपये हो गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार मूल्यांकन 17,668.92 करोड़ रुपये बढ़कर 6,16,156.81 करोड़ रुपये पर और रिलायंस इंडस्ट्रीज का 9,066.19 करोड़ रुपये के उछाल के साथ 21,60,628.75 करोड़ पर पहुंच गया। भारती एयरटेल की बाजार हैसियत 1,910.5 करोड़ रुपये बढ़कर 8,15,705.36 करोड़ रुपये हो गई। 

शीर्ष 10 में रिलायंस कायम 

सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक, इन्फोसिस, एलआईसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर और आईटीसी का स्थान रहा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा