1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Stock Market: शेयर बाजार में आज यहां हो रही है कमाई, जानिए सेंसेक्स और निफ्टी का ताजा हाल

Stock Market: शेयर बाजार में आज यहां हो रही है कमाई, जानिए सेंसेक्स और निफ्टी का ताजा हाल

 Written By: Indiatv Paisa Desk
 Published : Jul 15, 2022 10:57 am IST,  Updated : Jul 15, 2022 11:45 am IST

शेयर बाजार (Stock Market ) में आज FMCG और Telecom सेक्टर में अच्छी बढ़त देखने को मिली है। वहीं IT शेयर लुढ़कते दिखे।

Stock Market live- India TV Hindi
Stock Market live Image Source : FILE

Highlights

  • शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स 339.81 अंक चढ़ गया
  • शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में रुपया 7 पैसे चढ़कर 79.92 पर खुला
  • एफएमसीजी और टेलिकॉम सेक्टर में अच्छी बढ़त देखने को मिली

Stock Market:  भारतीय शेयर बाजार में हफ्ते के आखिरी दिन भी जोरदार शुरुआत हुई। विदेशी बाजारों में मिले बेहतर संकेतों के चलते शुक्रवार को सेंसेक्स और निफ्टी मजबूती के साथ खुले। शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स 339.81 अंक चढ़ गया। इससे पहले चार दिन तक शेयर बाजार में गिरावट दर्ज की गई थी। इस दौरान 30 शेयरों वाला बीएसई सूचकांक 339.81 अंक बढ़कर 53,755.96 पर पहुंच गया। दूसरी ओर एनएसई निफ्टी 72.35 अंक चढ़कर 16,011 पर था। 

शेयर बाजार में यहां हो रही कमाई

शेयर बाजार में आज एफएमसीजी और टेलिकॉम सेक्टर में अच्छी बढ़त देखने को मिली है। वहीं आईटी शेयर लुढ़कते दिखे। सेंसेक्स में हिंदुस्तान यूनिलीवर,भारती एयरटेल, नेस्ले, लार्सन एंड टुब्रो, एशियन पेंट्स, टाइटन, मारुति, कोटक महिंद्रा बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज बढ़त दर्ज करने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल थे। दूसरी ओर, विप्रो, टाटा स्टील, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, एक्सिस बैंक, टेक महिंद्रा और बजाज फाइनेंस के शेयरों में गिरावट हुई। 

एशियाई बाजारों में भी रौनक

अन्य एशियाई बाजारों में तोक्यो और सियोल के बाजार हरे निशान में कारोबार कर रहे थे जबकि शंघाई और हांगकांग नुकसान के साथ कारोबार कर रहे थे। पिछले सत्र में, बृहस्पतिवार को बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 98 अंक यानी 0.18 प्रतिशत गिरकर 53,416.15 अंक पर बंद हुआ था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी शुरुआती लाभ गंवाते हुए 28 अंक यानी 0.18 प्रतिशत गिर गया और 15,938.65 अंक पर बंद हुआ था। 

कच्चा तेल फिर 100 डॉलर पर

अंतरराष्ट्रीय तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.99 प्रतिशत की बढ़त के साथ 100.08 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बृहस्पतिवार को 309.06 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे। 

रुपया 7 पैसे चढ़कर 79.92 पर

घरेलू शेयर बाजार में तेजी और विदेशी पूंजी के ताजा प्रवाह से निवेशकों की धारणाओं को बल मिला और इसके चलते शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में रुपया 7 पैसे चढ़कर 79.92 पर खुला। हालांकि विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि विदेशों में अमेरिकी मुद्रा की मजबूती के कारण रुपये की बढ़त सीमित रही। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 79.95 पर खुला, फिर शुरुआती सौदों में यह कुछ बढ़त के साथ 79.92 पर आया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 7 पैसे की बढ़त दर्शाता है। पिछले सत्र में, बृहस्पतिवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 79.99 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद हुआ था। शुरुआती सौदों में रुपया 79.95 से 79.88 के सीमित दायरे में कारोबार कर रहा था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा