1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Stock Market News: शेयर बाजार जबर्दस्त उछाल, सेंसेक्स की 1,564 अंक की लंबी छलांग, इन शेयरों ने किया मालामाल

Stock Market News: शेयर बाजार जबर्दस्त उछाल, सेंसेक्स की 1,564 अंक की लंबी छलांग, इन शेयरों ने किया मालामाल

 Edited By: Sachin Chaturvedi
 Published : Aug 30, 2022 05:05 pm IST,  Updated : Aug 30, 2022 05:06 pm IST

सेंसेक्स के शेयरों में बजाज फिनसर्व में सबसे अधिक 5.47 प्रतिशत का उछाल आया तथा बजाज फाइनेंस का शेयर 4.86 प्रतिशत चढ़ गया।

Stock Market- India TV Hindi
Stock Market Image Source : FILE

Highlights

  • मंगलवार को शेयर बाजार में शानदार वापसी की है
  • सेंसेक्स 1,564 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ
  • निफ्टी भी 446.40 अंक चढ़कर 17,759.30 अंक पर बंद

सोमवार को 861 अंकों की गिरावट के बाद मंगलवार को शेयर बाजार में शानदार वापसी की है। मंगलवार को बीएसई सेंसेक्स 1,564 अंक की बढ़त के साथ बंद हुआ। बैंकिंग, आईटी और तेल कंपनियों के शेयरों में जोरदार लिवाली से बाजार में तेजी लौटी। तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 1,564.45 अंक यानी 2.70 प्रतिशत की लंबी छलांग के साथ 59,537.07 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,627.16 अंक तक चढ़ गया था। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 446.40 अंक यानी 2.58 प्रतिशत चढ़कर 17,759.30 अंक पर बंद हुआ। 

इन शेयरों ने किया मालामाल 

सेंसेक्स के शेयरों में बजाज फिनसर्व में सबसे अधिक 5.47 प्रतिशत का उछाल आया तथा बजाज फाइनेंस का शेयर 4.86 प्रतिशत चढ़ गया। इसके अलावा इंडसइंड बैंक, टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा स्टील और एचडीएफसी के शेयर भी लाभ में रहे। 

एशियाई बाजारों में मिला जुला कारोबार 

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की लाभ में रहे, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग और चीन का शंघाई कंपोजिट नुकसान में बंद हुआ। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार के दौरान मजबूती देखी गई जबकि अमेरिकी बाजार सोमवार को नुकसान में रहे थे। 

क्या कहते हैं जानकार

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘शेयर बाजार में आज का सुधार दर्शाता है कि वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में घरेलू अर्थव्यवस्था अधिक जुझारू क्षमता दिखा रही है। हालांकि, बाजार इस समय ऊंचे स्तर पर है लेकिन विदेशी निवेशकों के निरंतर समर्थन से स्थानीय शेयर चढ़ गए।’’ 

विदेशी निवेशकों ने फिर शुरू की बिकवाली 

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.60 प्रतिशत की गिरावट के साथ 102.52 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 561.22 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा