1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. यूक्रेन संकट के बीच हफ्ते के आखिरी दिन भी बाजार धड़ाम, सेंसेक्स 769 अंक लुढ़का निफ्टी 16,250 के नीचे

यूक्रेन संकट के बीच हफ्ते के आखिरी दिन भी बाजार धड़ाम, सेंसेक्स 769 अंक लुढ़का निफ्टी 16,250 के नीचे

 Edited By: India TV Paisa Desk
 Published : Mar 04, 2022 05:31 pm IST,  Updated : Mar 04, 2022 05:31 pm IST

कारोबार के दौरान यह एक समय 1,214.96 अंक तक लुढ़क कर 53,887.72 अंक तक खिसक गया था।

Stock market- India TV Hindi
Stock market Image Source : AP

मुंबई। शेयर बाजारों में शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन गिरावट रही। रूस-यूक्रेन संकट के बीच वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के साथ बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 769 अंक का गोता लगाकर बंद हुआ। 

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स की शुरूआत कमजोर रही और कारोबार के दौरान यह एक समय 1,214.96 अंक तक लुढ़क कर 53,887.72 अंक तक खिसक गया था। अंत में यह 768.87 अंक यानी 1.40 प्रतिशत की गिरावट के साथ 54,333.81 अंक पर बंद हुआ। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 252.70 अंक यानी 1.53 प्रतिशत की गिरावट के साथ 16,245.35 अंक पर बंद हुआ। 

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘यूक्रेन में स्थित यूरोप के सबसे बड़े परमाणु संयंत्र पर रूसी हमले की रिपोर्ट के बाद तनाव बढ़ने के साथ वैश्विक शेयर बाजारों में तेज बिकवाली हुई। तेल के दाम में तेजी के साथ आपूर्ति संबंधी बाधाओं को लेकर अनिश्चितता होने से मुद्रास्फीति के भारतीय रिजर्व बैंक के संतोषजनक स्तर से ऊपर जाने की चिंता पैदा हुई है।’’ 

रिजर्व बैंक को खुदरा मुद्रास्फीति दो प्रतिशत घट-बढ़ के साथ चार प्रतिशत पर रखने की जिम्मेदारी मिली हुई है। हालांकि घरेलू बाजार में आईटी और दवा कंपनियों के शेयरों में लिवाली से गिरावट पर कुछ अंकुश लगा। सेंसेक्स के शेयरों में टाइटन, मारुति सुजुकी इंडिया, एशियन पेंट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा तथा हिंदुस्तान यूनिलीवर लि.में 5.05 प्रतिशत तक की गिरावट आयी। दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में आईटीसी, डा.रेड्डीज लैबोरेटरीज, टेक महिंद्रा और अल्ट्रा टेक सीमेंट शामिल हैं। 

एशिया के अन्य बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग, चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक और जापान का निक्की नुकसान में रहे। अमेरिकी शेयर बाजार बृहस्पतिवार को गिरावट के साथ बंद हुए। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.80 प्रतिशत बढ़कर 111.3 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़े के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशक बिकवाल बने हुए हैं और उन्होंने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 6,644.65 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा