1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. शेयर बाजार में तेजी की बहार, सेंसेक्स 445 अंक उछला तो निफ्टी भी 23,500 के पार; HDFC बैंक और बजाज फाइनेंस बने टॉप गेनर

शेयर बाजार में तेजी की बहार, सेंसेक्स 445 अंक उछला तो निफ्टी भी 23,500 के पार; HDFC बैंक और बजाज फाइनेंस बने टॉप गेनर

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Nov 03, 2026 09:38 am IST,  Updated : Nov 03, 2026 09:38 am IST

भारतीय शेयर बाजार ने मंगलवार को शानदार शुरुआत की। कारोबारी सप्ताह के दूसरे दिन सेंसेक्स और निफ्टी दोनों हरे निशान में खुले। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 445 अंकों से ज्यादा उछलकर 76,137 के पार पहुंच गया, जबकि निफ्टी ने भी 23,545 का स्तर छू लिया।

शेयर बाजार में तेजी- India TV Hindi
शेयर बाजार में तेजी Image Source : CANVA

वैश्विक बाजारों से मिले-जुले संकेतों के बीच आज भारतीय शेयर बाजार ने एक बार फिर शानदार रफ्तार पकड़ी है। बैंकिंग, फाइनेंशियल और एफएमसीजी सेक्टर्स में हुई जोरदार लिवाली के दम पर बाजार खुलते ही हरे निशान में दौड़ पड़ा, जिससे निवेशकों के चेहरे खिल उठे हैं।

कारोबार की शुरुआत में बीएसई सेंसेक्स 445.10 अंक यानी 0.59 प्रतिशत की मजबूत बढ़त के साथ 76,137.88 के स्तर पर खुला। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 भी 104.45 अंक यानी 0.45 प्रतिशत चढ़कर 23,545.25 के स्तर पर पहुंच गया। शुरुआती घंटे में बाजार की चाल काफी मजबूत रही, जहां 1,601 शेयरों में तेजी और 753 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई, जबकि 166 शेयर बिना बदलाव के खुले।

एफएमसीजी, सीमेंट और बैंकिंग सेक्टर्स में जोरदार उछाल

आज के शुरुआती सत्र में ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स में हरियाली छाई रही, जिससे बाजार को नीचे से मजबूत सहारा मिला। सीमेंट सेक्टर्स में आई तेजी के दम पर निफ्टी सीमेंट इंडेक्स 1.71% चढ़कर शीर्ष पर रहा। एफएमसीजी शेयरों में खरीदारी से इंडेक्स 1.41% उछलकर 44,594.75 पर पहुंच गया। इसके अलावा, निफ्टी बैंक (+0.54%), निफ्टी प्राइवेट बैंक (+0.67%), निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज (+0.90%) और निफ्टी आईटी (+0.90%) में भी बढ़त दर्ज की गई। दूसरी ओर, निफ्टी फार्मा (-0.46%) और निफ्टी हेल्थकेयर (-0.45%) में मुनाफावसूली के कारण हल्की नरमी देखी गई।

इंडिगो, श्रीराम फाइनेंस और HDFC बैंक चमके

निफ्टी 50 के दिग्गजों में बैंकिंग और कंज्यूमर शेयरों ने शानदार तेजी दिखाई। इंटरग्लोब एविएशन 3.62% की उछाल के साथ ₹5,098.00 पर पहुंचकर टॉप गेनर बना। श्रीराम फाइनेंस (+2.07%), इंफोसिस (+2.06%), एशियन पेंट्स (+2.04%), नेस्ले इंडिया (+1.80%) और एचडीएफसी बैंक (+1.67%) में मजबूत खरीदारी दर्ज की गई। इसके अलावा बजाज फाइनेंस (+1.13%), टाटा कंज्यूमर (+1.43%) और अल्ट्राटेक सीमेंट (+1.36%) भी प्रमुख गेनर्स में शामिल रहे।दूसरी तरफ, ओएनजीसी (-1.65%) और अपोलो हॉस्पिटल्स (-1.22%) में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा सिप्ला (-0.87%), पॉवरग्रिड (-0.86%), एनटीपीसी (-0.48%) और रिलायंस इंडस्ट्रीज (+0.04% पर सपाट) में सुस्ती देखने को मिली।

यह भी पढ़ें- दिवाली से पहले मुकेश अंबानी पर पैसों की जमकर बारिश, एक ही दिन में ₹79,700 करोड़ बढ़ गई दौलत, ₹8.13 लाख करोड़ हुई नेटवर्थ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।