1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दिवाली से पहले मुकेश अंबानी पर पैसों की जमकर बारिश, एक ही दिन में ₹79,700 करोड़ बढ़ गई दौलत, ₹8.13 लाख करोड़ हुई नेटवर्थ

दिवाली से पहले मुकेश अंबानी पर पैसों की जमकर बारिश, एक ही दिन में ₹79,700 करोड़ बढ़ गई दौलत, ₹8.13 लाख करोड़ हुई नेटवर्थ

 Written By: Shivendra Singh
 Published : Nov 03, 2026 07:00 am IST,  Updated : Nov 03, 2026 07:01 am IST

दिवाली से पहले मुकेश अंबानी की दौलत में जबरदस्त उछाल आया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में आई रिकॉर्ड तेजी ने उनकी संपत्ति में एक ही दिन में करीब 79,700 करोड़ रुपये जोड़ दिए। इसके साथ ही मुकेश अंबानी की कुल नेटवर्थ बढ़कर 85.7 अरब डॉलर यानी करीब 8.13 लाख करोड़ रुपये हो गई है।

मुकेश अंबानी की...- India TV Hindi
मुकेश अंबानी की नेटवर्थ Image Source : FORBES INDIA WEBSITE / CANVA

दिवाली से पहले देश के सबसे बड़े उद्योगपतियों में शामिल मुकेश अंबानी की दौलत में जबरदस्त उछाल आया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में आई रिकॉर्ड तेजी ने एक ही दिन में उन्हें करीब 79,700 करोड़ रुपये का फायदा पहुंचा दिया। इसके साथ ही उनकी कुल संपत्ति बढ़कर 85.7 अरब डॉलर यानी करीब 8.13 लाख करोड़ रुपये हो गई है। शेयर बाजार में रिलायंस के शेयरों की इस शानदार तेजी का फायदा कंपनी के निवेशकों को भी मिला है। वहीं, दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में मुकेश अंबानी 23वें स्थान पर पहुंच गए हैं।

रिलायंस के शेयरों में 12% की रिकॉर्ड तेजी

दरअसल, सोमवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली। कंपनी का शेयर करीब 12 फीसदी उछलकर 1,300 रुपये के डे हाई पर पहुंच गया। अप्रैल 2020 के बाद यह शेयर में आई सबसे बड़ी एकदिवसीय तेजी बताई जा रही है। इस तेजी के पीछे कंपनी के शानदार दूसरी तिमाही के नतीजे और बड़े ब्रोकरेज हाउस की सकारात्मक रिपोर्ट को वजह माना जा रहा है। शेयरों में उछाल के कारण रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप भी एक ही दिन में करीब 2 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 17.59 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया।

अडानी से अभी भी काफी पीछे हैं मुकेश अंबानी

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, मुकेश अंबानी 85.7 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ दुनिया के अमीरों की लिस्ट में 23वें स्थान पर पहुंच गए हैं। एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति की बात की जाए तो गौतम अडानी का नाम सबसे ऊपर आता है। इसके बाद टिकटॉक की पैरेंट कंपनी बाइटडांस के फाउंडर झांग यिमिंग और तीसरे नंबर पर मुकेश अंबानी का नाम आता है।

दूसरी तिमाही में कंपनी का शानदार प्रदर्शन

रिलायंस इंडस्ट्रीज ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार नतीजे पेश किए। कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 28 फीसदी बढ़कर 3.62 लाख करोड़ रुपये हो गया। EBITDA में 24 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 62,409 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं, कंपनी का नेट प्रॉफिट भी 34 फीसदी बढ़कर 29,550 करोड़ रुपये रहा। कंपनी के मजबूत नतीजों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया और शेयरों में आई तेजी ने मुकेश अंबानी की संपत्ति को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया।

यह भी पढ़ें- रिलायंस के शेयरों में 11.64% की तूफानी तेजी, बंपर बढ़त के साथ बंद हुआ बाजार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Business से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा।