1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बाजार
  4. Stock Market: उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में सेंसेक्स 49 अंक टूटा, निफ्टी में भी मामूली गिरावट

Stock Market: उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में सेंसेक्स 49 अंक टूटा, निफ्टी में भी मामूली गिरावट

 Edited By: India TV News Desk
 Published : Sep 06, 2022 05:24 pm IST,  Updated : Sep 06, 2022 05:24 pm IST

Stock Market: सेंसेक्स के शेयरों में बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फाइनेंस और नेस्ले प्रमुख रूप से नुकसान में रहे।

Stock Market- India TV Hindi
Stock Market Image Source : FILE

Highlights

  • सेंसेक्स गिरावट के साथ 59,196.99 अंक पर बंद हुआ
  • निफ्टी भी फिसलकर 17,655.60 अंक पर बंद हुआ
  • रुपया टूटकर 79.80 प्रति डॉलर पर बंद हुआ

Stock Market: घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को मामूली गिरावट रही और बीएसई सेंसेक्स 49 अंक टूट गया। वैश्विक स्तर पर मिले-जुले रुख के बीच कारोबार के अंतिम घंटे में दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों, आईटी और बैंक शेयरों में बिकवाली से बाजार में गिरावट आई। तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स कारोबार के दौरान एक समय 320 अंक तक चढ़ गया था। लेकिन अंत में यह शुरुआती लाभ गंवाते हुए 48.99 अंक यानी 0.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ 59,196.99 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 59,566.67 अंक तक गया और नीचे में 58,974.26 अंक तक आया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 10.20 अंक यानी 0.06 प्रतिशत फिसलकर 17,655.60 अंक पर बंद हुआ।

इन कंपनियों के शेयरों में रही गिरावट

सेंसेक्स के शेयरों में बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फाइनेंस और नेस्ले प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी तरफ लाभ में रहने वाले शेयरों में भारती एयरटेल, एनटीपीसी, टाटा स्टील, रिलायंस इंडस्ट्रीज और पावरग्रिड शामिल हैं। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कंपोजिट लाभ में, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहा। यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में तेजी का रुख था। अमेरिकी शेयर बाजार सोमवार को बंद था। जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘वैश्विक स्तर पर मिले-जुले रुख के बीच घरेलू शेयर बाजार शुरुआती लाभ गंवाते हुए स्थिर बंद हुए।’’ इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.37 प्रतिशत टूटकर 93.47 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 811.75 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

रुपया टूटकर 79.80 प्रति डॉलर पर बंद

घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी के रुख के बीच अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में मंगलवार को डॉलर के मुकाबले रुपया दो पैसे की गिरावट के साथ 79.80 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 79.80 पर खुला और दिन में कारोबार के दौरान यह 79.80 रुपये से 79.91 के दायरे में ऊपर-नीचे होने के बाद अंत में अपने पिछले बंद भाव के मुकाबले दो पैसे की हानि के साथ 79.80 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। रुपये का पिछला बंद भाव 79.78 प्रति डॉलर था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.10 प्रतिशत की तेजी के साथ 109.64 पर पहुंच गया। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 3.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 92.82 डॉलर प्रति बैरल के भाव रह गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Market से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें पैसा